गैस संकट से जूझ रहे होटलियर, पर्यटन सीजन से पहले बढ़ी चिंता
धर्मशाला (कांगड़ा)। कांगड़ा जिले के प्रमुख पर्यटन स्थल मैक्लोडगंज और धर्मशाला में इन दिनों व्यावसायिक गैस सिलिंडरों की कमी ने होटल कारोबारियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। हालात ऐसे हैं कि होटल संचालकों को अब सीधे पेट्रोलियम कंपनियों के अधिकारियों से संपर्क साधना पड़ रहा है, ताकि अपने कारोबार को किसी तरह चलाया जा सके।
बताया जा रहा है कि होटल संचालकों द्वारा ऑनलाइन माध्यम से शिकायतें और पत्र भेजे जाने के बाद कुछ राहत जरूर मिली है। मैक्लोडगंज क्षेत्र के चुनिंदा होटलियर को गैस एजेंसी के माध्यम से सीमित संख्या में सिलिंडर उपलब्ध करवाए गए हैं, लेकिन यह आपूर्ति जरूरत के मुकाबले बेहद कम साबित हो रही है।
200 से ज्यादा होटलों पर संकट के बादल
होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन स्मार्ट सिटी धर्मशाला के अध्यक्ष राहुल धीमान के अनुसार, एसोसिएशन से जुड़े 200 से 250 होटल इस समस्या से प्रभावित हैं। एजेंसी से महज 10 सिलिंडर मिलने से स्थिति संभालना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही आपूर्ति सामान्य नहीं हुई तो आने वाले पर्यटन सीजन में होटल उद्योग को बड़ा नुकसान उठाना पड़ सकता है।
Also Read
🔴 हमीरपुर में बड़ा एक्शन: 12 वाहनों से अवैध लकड़ी बरामद, रात में पकड़े गए तस्कर
वैकल्पिक साधनों से चल रहा काम
गैस की कमी के चलते कई होटल फिलहाल लकड़ी और इंडक्शन चूल्हों का सहारा ले रहे हैं। हालांकि, बड़े स्तर पर रेस्टोरेंट संचालन के लिए ये विकल्प ज्यादा प्रभावी नहीं हैं, जिससे कारोबारियों की चिंता और बढ़ गई है।
घरेलू उपभोक्ता भी परेशान
सिर्फ होटल व्यवसायी ही नहीं, आम उपभोक्ता भी इस संकट से जूझ रहे हैं। धर्मशाला के चीलगाड़ी स्थित गैस गोदाम में सुबह से ही लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। लोग घंटों इंतजार कर सिलिंडर हासिल कर रहे हैं। दोपहर तक स्टॉक खत्म होने के कारण अन्य क्षेत्रों में सप्लाई भी प्रभावित हो रही है।
सीजन से पहले समाधान जरूरी
पर्यटन सीजन अभी पूरी तरह शुरू नहीं हुआ है, लेकिन कारोबारियों का कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधरी, तो पीक सीजन में हालात और बिगड़ सकते हैं। ऐसे में प्रशासन और संबंधित कंपनियों से जल्द ठोस कदम उठाने की मांग की जा रही है।
