हमीरपुर में वन विभाग की सख्त कार्रवाई: 12 वाहनों में अवैध लकड़ी पकड़ी, सभी जब्त
हमीरपुर। अवैध कटान और लकड़ी तस्करी पर शिकंजा कसते हुए वन विभाग ने बुधवार रात बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। हमीरपुर-कांगड़ा सीमा पर कामलू चौक स्थित नेशनल हाईवे-03 पर विशेष नाकाबंदी के दौरान विभाग की टीम ने 16 वाहनों को रोककर जांच की।
जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि 12 वाहनों में बिना अनुमति की लकड़ी ले जाई जा रही थी। तस्करों ने चालाकी दिखाते हुए अवैध लकड़ी को अन्य लकड़ी के नीचे छिपा रखा था, ताकि जांच से बचा जा सके। हालांकि, वन विभाग की सतर्क टीम ने पूरी तलाशी लेकर इस कोशिश को नाकाम कर दिया।
Also Read
🔴 ज्वालाजी से लौटते श्रद्धालुओं का ट्रक पलटा, कांगड़ा में बड़ा हादसा, 10 घायल, 2 की हालत गंभीर
कार्रवाई का नेतृत्व रेंज ऑफिसर कुलतार सिंह ने किया। टीम ने मौके पर ही सभी संदिग्ध वाहनों को कब्जे में लेकर बड़ी मात्रा में अवैध लकड़ी बरामद की।
वहीं, चार वाहनों के दस्तावेज तो सही पाए गए, लेकिन रात के समय लकड़ी ढुलाई नियमों के उल्लंघन के चलते इन पर भी नियमानुसार जुर्माना लगाया जाएगा।
डीएफओ सन्नी वर्मा ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जंगलों की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि अवैध तस्करी पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके।
