त्रिलोकपुर के शिव मंदिर तालाब में महा आरती का होगा भव्य आयोजन, प्रशासन ने श्रद्धालुओं से बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की
कालाअंब (सिरमौर)। चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर श्रद्धा और आस्था का केंद्र बने त्रिलोकपुर में आज दुर्गा अष्टमी और राम नवमी की संध्या विशेष रूप से भक्तिमय होने जा रही है। शिव मंदिर तालाब, त्रिलोकपुर में आज शाम 6:00 बजे भव्य महा आरती का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
मंदिर न्यास के संयुक्त आयुक्त एवं एसडीएम नाहन राजीव संख्यान ने जानकारी देते हुए बताया कि नवरात्र के इस विशेष पड़ाव पर आयोजित महा आरती का धार्मिक महत्व अत्यंत विशेष होता है। इससे पूर्व प्रथम नवरात्र की संध्या पर भी भव्य महा आरती का आयोजन किया गया था, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर देवी मां का आशीर्वाद प्राप्त किया था।
Also Read
🔴 त्रिलोकपुर में उमड़ा आस्था का सैलाब! 7वें दिन 25,000 श्रद्धालु, 13 लाख से ज्यादा चढ़ावा
दुर्गा अष्टमी और राम नवमी के दिन माता रानी की विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और दीपों की रोशनी से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में डूब गया है। शिव मंदिर तालाब में होने वाली यह महा आरती श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक ऊर्जा और सकारात्मकता का विशेष केंद्र मानी जा रही है।
जिला प्रशासन और मंदिर न्यास समिति ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर महा आरती में भाग लें और धार्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाएं। साथ ही, भीड़ को देखते हुए व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने का भी आग्रह किया गया है।
