कालाअंब में बिजली विभाग की बड़ी कार्रवाई, 68 कनेक्शन काटे
1.49 करोड़ रुपये की वसूली, डिफाल्टर उपभोक्ताओं में मचा हड़कंप
कालाअंब (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में विद्युत विभाग ने बिल न चुकाने वाले घरेलू और व्यवसायिक उपभोक्ताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए 68 बिजली कनेक्शन काट दिए हैं। इनमें 52 घरेलू उपभोक्ता और 16 औद्योगिक इकाइयां शामिल हैं।
विभाग द्वारा डिफाल्टर उपभोक्ताओं को पूर्व में नोटिस जारी कर लंबित बिलों के भुगतान के लिए चेतावनी दी गई थी। इसके बावजूद कई उपभोक्ताओं ने नोटिस को गंभीरता से नहीं लिया, जिसके चलते विभाग को यह सख्त कदम उठाना पड़ा।
कार्रवाई के दौरान विभाग ने कुल 1.49 करोड़ रुपये की वसूली भी की है। इसमें 14 लाख रुपये घरेलू उपभोक्ताओं से, जबकि 1.35 करोड़ रुपये औद्योगिक इकाइयों से वसूले गए हैं।
Also Read
🔴 नागल–सकेती में 3 दिन से पानी गायब! 500 परिवार परेशान, शिकायत के बावजूद नहीं जागा विभाग
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है और अन्य डिफाल्टर उपभोक्ताओं में भी डर का माहौल है।
कालाअंब विद्युत उपमंडल के सहायक अभियंता महेश चौधरी ने बताया कि बार-बार नोटिस जारी करने के बावजूद कुछ उपभोक्ता अपने बिजली बिलों का भुगतान नहीं कर रहे थे, जिसके चलते विभाग को कनेक्शन काटने की कार्रवाई करनी पड़ी।
उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे समय पर अपने बिजली बिलों का भुगतान करें, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की असुविधा और विभागीय कार्रवाई से बचा जा सके। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि डिफाल्टर उपभोक्ताओं के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
