मोटर खराब होने से ठप हुई सप्लाई, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा—प्रशासन से तुरंत समाधान की मांग
कालाअंब (सिरमौर)।
नाहन विकास खंड की नवघोषित ग्राम पंचायत नागल–सकेती में पिछले तीन दिनों से पेयजल संकट गहराया हुआ है। पानी की आपूर्ति ठप होने के कारण करीब 500 परिवारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि लोगों के रोजमर्रा के कामकाज भी प्रभावित हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, नागल–सकेती क्षेत्र को पेयजल आपूर्ति कालाअंब स्थित जलापूर्ति योजना के बोरवेल से की जाती है। बताया जा रहा है कि योजना की मोटर खराब हो जाने के चलते पानी की सप्लाई बाधित हो गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि तीन दिन बीत जाने के बावजूद संबंधित विभाग की ओर से समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। कई बार शिकायत देने के बाद भी न तो कोई अधिकारी मौके पर पहुंचा और न ही मोटर को समय पर ठीक किया गया, जिससे लोगों में विभाग के प्रति भारी आक्रोश है।
Also Read
स्थानीय ग्रामीणों में रामलाल, धर्मसिंह, सुंदर सिंह, तेजा राम, सिंघ राम, लज्जाराम, लाल सिंह, बलबीर, पृथ्वी सिंह, राम करण, संजय कुमार और पूर्व प्रधान रमेश कुमार ने बताया कि विभाग के पास अतिरिक्त मोटर तक उपलब्ध नहीं है, जिससे वैकल्पिक व्यवस्था कर सप्लाई बहाल की जा सके।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि समस्या का तत्काल समाधान किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके। उनका कहना है कि गर्मी की शुरुआत में ही इस तरह का संकट गंभीर चिंता का विषय है और यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो स्थिति और बिगड़ सकती है।
वहीं, जलशक्ति विभाग के कनिष्ठ अभियंता परवीन जसवाल ने बताया कि पेयजल योजना की खराब मोटर को ठीक कर दिया गया है और जल्द ही पानी की सप्लाई बहाल कर दी जाएगी।
