Sirmaur News: STF और पुलिस का बड़ा एक्शन, अंतर्राज्यीय नशा तस्कर PIT NDPS Act में डिटेन, नाहन जेल भेजा
नाहन/पांवटा साहिब (सिरमौर):
हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए राज्य गुप्तचर विभाग (CID) की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और जिला सिरमौर पुलिस ने संयुक्त अभियान में एक अंतर्राज्यीय नशा तस्कर को गिरफ्तार कर PIT NDPS Act के तहत डिटेन किया है। आरोपी को आदर्श केंद्रीय कारागार नाहन भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 18 मार्च 2026 को STF-FU CID शिमला के नेतृत्व और पांवटा साहिब थाना पुलिस की टीम ने संयुक्त ऑपरेशन चलाया। इस दौरान महमूद अली उर्फ बुलबुल (56 वर्ष) निवासी बातामंडी, पांवटा साहिब को शाम 7:30 बजे विधि अनुसार हिरासत में लिया गया।
पहले से दर्ज हैं गंभीर मामले
जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से अंतर्राज्यीय नशा तस्करी में सक्रिय रहा है। उसके खिलाफ:
👉 राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में NDPS Act के तहत केस दर्ज, जिसमें 1042.850 किलोग्राम चूरा पोस्त बरामद हुआ था
👉 हरियाणा के जींद जिले में 2.563 किलोग्राम अफीम के साथ मामला दर्ज
इन मामलों के चलते सरकार के आदेश पर उसे PIT NDPS Act के तहत निरुद्ध किया गया है, जिसके तहत आरोपी को बिना जमानत लंबे समय तक हिरासत में रखा जा सकता है।
नशा माफिया पर सख्त कार्रवाई जारी
सिरमौर पुलिस ने हाल के दिनों में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर बड़े और छोटे दोनों स्तर के तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।
पुलिस की चेतावनी और अपील
पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि सिरमौर में नशे का कारोबार करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि नशे से जुड़ी किसी भी गतिविधि की सूचना पुलिस को दें—सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।
