एलपीजी संकट: 14 दिन बाद पहुंची गैस, 250 सिलेंडरों पर 400 लोग—कई खाली हाथ लौटे, पुलिस को संभालनी पड़ी स्थिति
मंडी। मंडी जिले के पंडोह क्षेत्र में एलपीजी गैस को लेकर संकट गहराता नजर आ रहा है। करीब 14 दिनों के लंबे इंतजार के बाद जब गैस की सप्लाई पहुंची, तो राहत से ज्यादा अव्यवस्था देखने को मिली।
इस बार गैस की गाड़ी सीधे बीबीएमबी कॉलोनी पहुंची। सूचना फैलते ही आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर उमड़ पड़े। हालात यह रहे कि करीब 250 सिलेंडरों के लिए लगभग 400 लोग पहुंच गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
भीड़ इतनी बढ़ गई कि कई लोगों को गैस नहीं मिल पाई और उन्हें खाली हाथ ही लौटना पड़ा। स्थिति बिगड़ने पर स्थानीय पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को लाइन में लगवाया और करीब दो घंटे तक व्यवस्था संभाली, तब जाकर हालात कुछ सामान्य हो सके।
Also Read
स्थानीय लोगों रोहित, पंकज, साजन, संदीप और राकेश का कहना है कि पिछले दो हफ्तों से पंडोह बाजार में गैस सप्लाई नहीं पहुंच रही है, जिससे रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है। लोगों को मजबूरी में इंतजार करना पड़ रहा है या फिर वैकल्पिक व्यवस्था तलाशनी पड़ रही है।
प्रशासन से उठी मांग
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि अगली बार गैस की गाड़ी केवल कॉलोनी तक सीमित न रखी जाए, बल्कि पंडोह बाजार में भी सप्लाई सुनिश्चित की जाए, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस मिल सके।
👉 लगातार देरी और अव्यवस्था ने साफ कर दिया है कि पंडोह क्षेत्र में एलपीजी वितरण व्यवस्था को सुधारने की सख्त जरूरत है, वरना आने वाले दिनों में समस्या और गंभीर हो सकती है।
