Navratri 2026: त्रिलोकपुर में बोटिंग बनी नया आकर्षण, श्रद्धालुओं को मिल रहा भक्ति के साथ मनोरंजन का अनुभव
नाहन (सिरमौर)। चैत्र नवरात्र मेले में इस बार त्रिलोकपुर शक्तिपीठ सिर्फ आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं के लिए एक नया अनुभव भी लेकर आया है। यहां शिव मंदिर ताल में शुरू की गई नौकायन (बोटिंग) सुविधा श्रद्धालुओं के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रही है।
दो दिनों की बारिश के बाद शनिवार को मौसम साफ होते ही मेले में रौनक लौट आई। बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने जहां माता के दर्शन किए, वहीं तालाब में बोटिंग कर मेले के इस नए आकर्षण का भरपूर आनंद भी उठाया। परिवारों और युवाओं के बीच यह गतिविधि खासा पसंद की जा रही है।
इस बार जिला प्रशासन ने धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मेले में नए प्रयोग किए हैं, जिनमें बोटिंग प्रमुख आकर्षण बनकर उभरी है। सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए नौकायन करने वाले सभी श्रद्धालुओं को सेफ्टी जैकेट उपलब्ध करवाई जा रही है और मौके पर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती भी सुनिश्चित की गई है।
Also Read
प्रशासन का मानना है कि आने वाले दिनों में जैसे-जैसे मौसम अनुकूल रहेगा, श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोतरी के साथ इस सुविधा की लोकप्रियता भी और बढ़ेगी। इससे न केवल मेले की रौनक बढ़ेगी, बल्कि त्रिलोकपुर को एक प्रमुख धार्मिक-पर्यटन स्थल के रूप में नई पहचान भी मिलेगी।
कुल मिलाकर, इस बार त्रिलोकपुर नवरात्र मेला श्रद्धा और मनोरंजन का बेहतरीन संगम बनता नजर आ रहा है, जहां दर्शन के साथ-साथ एक यादगार अनुभव भी श्रद्धालुओं को मिल रहा है।
