Shimla: CM के मीडिया सलाहकार के बेटे पर हमला, कूदकर बचाई जान, पुलिस जांच में जुटी
शिमला। प्रदेश के मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार नरेश चौहान के बेटे आर्यन चौहान पर जानलेवा हमले के प्रयास का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना मशोबरा के पास तारापुर क्षेत्र की है, जहां होटल से लौटते समय अज्ञात युवकों ने उनकी गाड़ी को रोककर हमला करने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि हमलावरों में से एक के हाथ में पिस्टल और दूसरे के पास लोहे की रॉड थी।
जानकारी के अनुसार, आर्यन चौहान जब अपनी गाड़ी से मशोबरा की ओर आ रहे थे, तभी करीब 200 मीटर पहले सामने से गलत दिशा में एक कार आई। स्थिति को भांपते हुए उन्होंने गाड़ी पीछे की, लेकिन गाड़ी पहाड़ी से टकरा गई। इसी दौरान हमलावर कार से उतरे और कथित तौर पर गोली मारने की बात कही। खतरा देखते हुए आर्यन तुरंत गाड़ी से कूदकर नीचे की ओर भागे, जिससे उनकी टांग में चोट भी आई, लेकिन उन्होंने अपनी जान बचा ली।
घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। आर्यन ने तुरंत अपने परिवार को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। ढली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और संदिग्ध गाड़ी को मशोबरा क्षेत्र से बरामद कर लिया है।
Also Read
🔴 फेडरेशन कबड्डी कप 2026: हिमाचल ने रचा इतिहास, पहली बार टॉप-4 में बनाई जगह
पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। घायल आर्यन को आईजीएमसी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। नरेश चौहान ने कहा कि मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है और जांच के बाद ही हमले की असली वजह सामने आएगी।
