त्रिलोकपुर नवरात्र मेला: लगातार बारिश से मेले की रौनक फीकी; मौसम साफ होने पर बढ़ने की उम्मीद
कालाअंब (सिरमौर)। प्रसिद्ध शक्तिपीठ त्रिलोकपुर में चैत्र नवरात्र मेले के दूसरे दिन शुक्रवार को श्रद्धालुओं की संख्या अपेक्षाकृत कम दर्ज की गई। दूसरे नवरात्र पर करीब 6500 श्रद्धालुओं ने माता बालासुंदरी के दरबार में हाजिरी लगाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। आम दिनों की तुलना में यह संख्या कम रही, जिसका मुख्य कारण लगातार हो रही बारिश को माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार वीरवार देर रात से क्षेत्र में हो रही बारिश के चलते बाहरी क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं की आवाजाही प्रभावित हुई। बारिश के कारण सड़कों पर फिसलन और यात्रा में असुविधा के चलते कई श्रद्धालु त्रिलोकपुर नहीं पहुंच सके, जिससे मेले की रौनक दूसरे दिन थोड़ी फीकी नजर आई।
Also Read
🔴 त्रिलोकपुर नवरात्र मेला 2026: पहले दिन पहुंचे 9000 श्रद्धालु, 25 लाख से अधिक का चढ़ावा
मंदिर न्यास समिति के उपाध्यक्ष एवं एसडीएम नाहन राजीव संख्यान ने बताया कि शुक्रवार को कुल 6500 श्रद्धालुओं ने मंदिर में दर्शन किए। इस दौरान मंदिर को 13,64,030 रुपये की नगद राशि चढ़ावे के रूप में प्राप्त हुई। उन्होंने बताया कि प्रशासन और मंदिर न्यास द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित की जा रही हैं, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
वहीं, प्रशासन को उम्मीद है कि जैसे ही मौसम साफ होगा, श्रद्धालुओं की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। नवरात्र मेले के आगामी दिनों में अधिक भीड़ उमड़ने की संभावना जताई जा रही है, जिसके मद्देनजर व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ किया जा रहा है।
