त्रिलोकपुर में पहली बार संध्या दीपदान और महाआरती, प्रथम नवरात्रि पर दिखेगा दिव्य नजारा
कालाअंब (सिरमौर)। जिला सिरमौर के प्रसिद्ध शक्तिपीठ त्रिलोकपुर स्थित माता बाला सुंदरी मंदिर में इस बार चैत्र नवरात्रि मेले के दौरान एक नई धार्मिक परंपरा की शुरुआत होने जा रही है। पहली बार प्रथम नवरात्रि की संध्या पर भव्य दीपदान और महाआरती का आयोजन किया जाएगा, जिसे लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
मंदिर न्यास समिति के अनुसार, यह विशेष आयोजन शिव मंदिर ताल में आयोजित होगा, जहां लगभग 3000 दीप प्रज्ज्वलित कर भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया जाएगा। संध्या समय होने वाला यह दीपदान और महाआरती कार्यक्रम मेले का मुख्य आकर्षण रहेगा और श्रद्धालुओं को एक दिव्य आध्यात्मिक अनुभव प्रदान करेगा।
एसडीएम नाहन एवं मंदिर न्यास समिति के उपाध्यक्ष राजीव संख्यान ने बताया कि इस बार मेले में श्रद्धालुओं के लिए कुछ नई व्यवस्थाएं और आयोजन जोड़े गए हैं, जिनमें संध्या महाआरती और दीपदान प्रमुख हैं। उन्होंने बताया कि मेले की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हर संभव व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
Also Read
👉 कालाअंब-त्रिलोकपुर सड़क अधूरी, नवरात्रि मेले से पहले नहीं हो पाया स्थाई सुधार कार्य
मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र में साफ-सफाई के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं, वहीं सुरक्षा के लिहाज से पर्याप्त संख्या में सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है। पेयजल और बिजली की भी समुचित व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इसके साथ ही स्वास्थ्य सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए आयुर्वेदिक चिकित्सा शिविर भी लगाया जाएगा, जहां श्रद्धालुओं को पंचकर्म, योग और औषधीय उपचार की सुविधा मिलेगी। त्रिलोकपुर की आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. अदिति शर्मा ने बताया कि आयुर्वेदिक चिकित्स्कों की टीम मेले के दौरान अपनी सेवाएं देगी इसके लिए सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
नवरात्रि मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के त्रिलोकपुर पहुंचने की संभावना है, लेकिन इस बार प्रथम नवरात्रि की संध्या पर होने वाला दीपदान और महाआरती कार्यक्रम मेले को एक नई पहचान देने के लिए तैयार है।
