माजरा में बिजली विभाग के अधिकारी पर हमला, रात को ड्यूटी से लौटते समय रास्ते में की मारपीट
नाहन (सिरमौर)। सिरमौर जिले के माजरा क्षेत्र में बिजली विभाग के अधिकारी पर हमला होने का मामला सामने आया है। घटना उस समय हुई जब बिजली विभाग में तैनात सहायक अभियंता अपनी रात्रि ड्यूटी समाप्त कर घर लौट रहे थे।
मिली जानकारी के अनुसार सोमवार रात को विद्युत विभाग गिरिनगर में तैनात सहायक अभियंता रंजीत सिंह पुत्र दयाराम, निवासी हीरापुर, जिला बिलासपुर गिरीनगर पावर हाउस से अपने निवास की ओर जा रहे थे। रास्ते में उन्हें तीन युवक सड़क किनारे बैठे शराब पीते नजर आए। जैसे ही वह उनके पास से गुजरे, युवकों ने उनके चेहरे पर टॉर्च की तेज रोशनी डाली।
इस पर सहायक अभियंता ने उनसे इसका कारण पूछा, लेकिन बात बढ़ते-बढ़ते बहस में बदल गई। देखते ही देखते तीनों युवकों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उनके सिर पर चोट लगी और कपड़े भी फाड़ दिए गए।
घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस थाना माजरा में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल आरोपियों की पहचान की जा रही है और पुलिस का कहना है कि जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
👉 यह घटना एक बार फिर रात के समय सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, खासकर उन कर्मचारियों के लिए जो देर रात ड्यूटी कर घर लौटते हैं।
