किसानों के लिए बड़ी खबर: गेहूं का भाव 2585 रूपए, खरीद से पहले रजिस्ट्रेशन जरूरी
नाहन (सिरमौर)। जिला सिरमौर में रबी विपणन सत्र 2025-26 के तहत गेहूं की सरकारी खरीद 8 अप्रैल 2026 से शुरू होने जा रही है। इस बार सरकार ने गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) ₹2585 प्रति क्विंटल तय किया है, जिससे किसानों को उनकी उपज का बेहतर दाम मिल सकेगा।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के माध्यम से पांवटा साहिब और धौला कुआं में अधिसूचित खरीद केंद्रों पर गेहूं की खरीद की जाएगी।
Also Read
🔴 नाहन में बुजुर्गों के लिए बड़ा स्वास्थ्य शिविर, मुफ्त जांच और डॉक्टरों की सलाह मिलेगी
उप निदेशक कृषि ने बताया कि किसानों के लिए अपनी उपज बेचने से पहले राज्य सरकार के पोर्टल https://hpappp.gov.in� पर ऑनलाइन पंजीकरण करवाना अनिवार्य है। पंजीकरण प्रक्रिया 1 मार्च 2026 से शुरू हो चुकी है और बिना रजिस्ट्रेशन किसी भी किसान की फसल खरीद केंद्रों पर नहीं खरीदी जाएगी।
किसान स्वयं या नजदीकी लोकमित्र केंद्र/सीएससी के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं। रजिस्ट्रेशन के दौरान आधार कार्ड, बैंक खाता विवरण, भूमि दस्तावेज (जमाबंदी/ततीमा) और मोबाइल नंबर की आवश्यकता होगी, जिसमें ओटीपी वेरिफिकेशन भी किया जाएगा।
किसानों को सलाह दी गई है कि वे गेहूं को अच्छी तरह साफ करके ही खरीद केंद्रों पर लाएं। अनाज में नमी निर्धारित सीमा के भीतर होनी चाहिए और उसमें मिट्टी, कंकड़ या भूसा नहीं होना चाहिए।
इसके अलावा कटाई और मड़ाई के दौरान सावधानी बरतने, फसल को बारिश और नमी से बचाने और सुरक्षित स्थान पर भंडारण करने की भी अपील की गई है, ताकि गुणवत्ता बनी रहे और किसानों को उनकी उपज का अधिकतम मूल्य मिल सके।
