त्रिलोकपुर में बाइक चोरी की कोशिश नाकाम, बदमाशों ने किया नुकसान
कालाअंब (सिरमौर)। प्रसिद्ध शक्तिपीठ त्रिलोकपुर में चोरी की घटनाएं बढ़ती नजर आ रही हैं। ताजा मामला मंदिर परिसर के पास स्थित पार्किंग से सामने आया है, जहां रविवार रात एक बाइक चोरी करने की कोशिश की गई।
जानकारी के अनुसार, अज्ञात लोगों ने उत्तराखंड नंबर की एक बाइक को चुराने का प्रयास किया। जब वे इसमें सफल नहीं हो पाए, तो बाइक को क्षतिग्रस्त कर फेंक दिया गया।
पीड़ित नवीन कुमार, निवासी रेणुकाजी, जिला सिरमौर ने बताया कि वह रोज की तरह अपनी बाइक माता बाला सुंदरी मंदिर के पीछे स्थित पार्किंग में खड़ी कर अपने किराये के मकान में चला गया। अगली सुबह जब वह काम पर जाने के लिए निकला तो उसे बाइक जमीन पर गिरी टूटी फूटी अवस्था में मिली।
Also read
🔴 सड़क हादसा: सैंज घाटी में बोलेरो 50 मीटर गहरी खाई में गिरी, चालक समेत दो लोगों की दर्दनाक मौत
बाइक की स्थिति देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि उसे घसीटकर ले जाने की कोशिश की गई थी।
पीड़ित ने इस संबंध में पुलिस चौकी त्रिलोकपुर में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और पार्किंग परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। हालांकि, बताया जा रहा है कि कैमरों की गुणवत्ता स्पष्ट नहीं है, जिससे जांच में दिक्कत आ रही है।
वहीं, स्थानीय लोगों ने प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि शक्तिपीठ क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।
