सड़क हादसा: सैंज घाटी में दर्दनाक हादसा, बोलेरो 50 मीटर गहरी खाई में गिरी; चालक सहित दो की मौत
कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिला की सैंज घाटी में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की जान चली गई। रैला-सियुंड मार्ग पर एक बोलेरो कैंपर अचानक अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में गिर गई, जिससे चालक समेत दोनों सवारों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्घटना शरण गांव के पास एक तीखे मोड़ पर हुई। बताया जा रहा है कि वाहन मोड़ काटते समय नियंत्रण खो बैठा और सीधे खाई में जा गिरा। हादसा इतना गंभीर था कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार दोनों व्यक्तियों को बचने का मौका नहीं मिल सका।
Also Read
🔴 Kullu Road Accident: तीर्थन घाटी में धंसी सड़क, दिल्ली से घूमने आया परिवार कार समेत 50 फीट नीचे गिरा
घटना की सूचना मिलते ही हिमाचल प्रदेश पुलिस की टीम सैंज से मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से राहत व बचाव कार्य चलाया गया और दोनों को खाई से निकालकर सैंज अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि अस्पताल में डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान फागणु राम (56) निवासी गांव देऊली, डाकघर बालीचौकी और लोकेश वर्मा (26) निवासी गांव बायर, डाकघर तिल्ली, जिला मंडी के रूप में हुई है। सोमवार को दोनों के शवों का पोस्टमार्टम बंजार अस्पताल में करवाया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
मामले की पुष्टि करते हुए मदन लाल कौशल, पुलिस अधीक्षक कुल्लू ने बताया कि दुर्घटना को लेकर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।
हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पहाड़ी सड़कों पर सुरक्षा इंतजाम और चेतावनी संकेतों को और मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
