माजरा में कबाड़ जलाने को लेकर दो पक्षों में मारपीट, कई लोग घायल; दोनों तरफ से केस दर्ज
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पुलिस थाना माजरा क्षेत्र में कबाड़ जलाने को लेकर दो पड़ोसी परिवारों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। घटना में कई लोगों को चोटें आई हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में पवन कुमार पुत्र लेखराज निवासी गांव माजरा ने बताया कि वह अपनी पत्नी सुमन देवी के साथ खेत में घास काट रहे थे। इसी दौरान पड़ोसी नरेश के परिवार के लोग उनके घर के पास कबाड़ जला रहे थे। जब उन्होंने ऐसा करने से रोका तो विवाद शुरू हो गया।
Also Read
🔴 नालागढ़ में फार्मा कंपनी पर 22 लाख का जुर्माना, जहरीली गैस और गंदे पानी से थे परेशान ग्रामीण
शिकायत के अनुसार, नरेश के परिवार के सदस्य जसबिंदर, कृप्पाचंदर, सुमन, अंकिता, सुनीता, नरेश, रोशनी, पंकज और विशाल ने लाठियों-डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान यशपाल, साहिल और अश्वनी को चोटें आईं।
वहीं दूसरी ओर नरेश कुमार पुत्र बाबूराम निवासी गांव माजरा ने भी पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी सुनीता कुमारी सुबह गली में झाड़ू लगाकर कूड़ा एक जगह इकट्ठा कर उसमें आग लगा रही थी। इसी दौरान पड़ोसी लेखराम का परिवार वहां पहुंच गया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस मारपीट में उन्हें भी चोटें आई हैं।
पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
