18 मार्च को वरिष्ठ नागरिकों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर, डिमेंशिया स्क्रीनिंग भी होगी
नाहन (सिरमौर)। जिला प्रशासन सिरमौर और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग हिमाचल प्रदेश के संयुक्त सहयोग से 18 मार्च 2026 को वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया जाएगा। यह शिविर राष्ट्रीय वृद्धजन स्वास्थ्य देखभाल कार्यक्रम के तहत लगाया जा रहा है, जिसमें स्मृति क्षीणता (डिमेंशिया स्क्रीनिंग) सहित कई स्वास्थ्य जांच सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।
जिला कल्याण अधिकारी गावा सिंह नेगी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह शिविर आस्था डे-केयर सेंटर, पक्का टैंक के नजदीक नाहन में आयोजित होगा। इस शिविर में 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक भाग लेकर अपनी स्वास्थ्य जांच करवा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच और डिमेंशिया स्क्रीनिंग शिविर का आयोजन डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन में भी किया जाएगा।
इस स्वास्थ्य शिविर में वरिष्ठ नागरिकों के लिए स्मृति क्षीणता की जांच, सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक चिकित्सा मार्गदर्शन निशुल्क प्रदान किया जाएगा।
ये भी पढ़ें
जिला प्रशासन के अनुसार इस पहल का मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों में स्मृति से जुड़ी समस्याओं की समय रहते पहचान कर उन्हें उचित उपचार और मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है, ताकि उनकी जीवन गुणवत्ता बेहतर बन सके।
जिला प्रशासन सिरमौर और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने 60 वर्ष से अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों और उनके परिजनों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में भाग लेने की अपील की है।
