Table of Contents
Sirmour News: पत्रकार से दुर्व्यवहार पर भड़के डॉ. बिंदल, बोले- लोकतंत्र के चौथे स्तंभ का सम्मान जरूरी
नाहन (सिरमौर)। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने शिमला में एक पत्रकार के साथ पुलिस द्वारा कथित दुर्व्यवहार की घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और सरकार की योजनाओं व महत्वपूर्ण सूचनाओं को जनता तक पहुंचाने में इसकी अहम भूमिका रहती है।
डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि जब भी कोई मामला सरकार के खिलाफ जाता हुआ दिखाई देता है, तो कांग्रेस सरकार मीडियाकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार करने से भी पीछे नहीं हटती। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के साथ इस तरह का व्यवहार लोकतांत्रिक मूल्यों को आहत करता है।
उन्होंने शिमला में हुई घटना को बेहद निंदनीय बताते हुए कहा कि यह सब सरकार की सहमति से होता प्रतीत हो रहा है, जो लोकतंत्र के लिए चिंता का विषय है।
शिलाई में अवैध कटान पर भी सरकार घिरी
प्रदेश भाजपा प्रवक्ता बलदेव तोमर ने सिरमौर जिले के शिलाई विधानसभा क्षेत्र में सैकड़ों चीड़ के पेड़ों के अवैध कटान के मामले को लेकर प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि दिन-दहाड़े आरा मशीन लगाकर पेड़ों की कटाई की गई, लेकिन प्रशासन लंबे समय तक कार्रवाई से बचता रहा।
तोमर ने कहा कि इससे साफ जाहिर होता है कि इस पूरे मामले में सत्ता का संरक्षण रहा है। भाजपा द्वारा मामला उठाने के बाद 6 तारीख की देर रात एफआईआर दर्ज की गई, जिसमें करीब 307 पेड़ों के कटान की बात कही गई है। उन्होंने सवाल उठाया कि इतने बड़े मामले में अभी तक पेड़ों की अंतिम गणना भी पूरी नहीं हो पाई है।
Also Read
केंद्र से मिले धन के उपयोग पर भी उठाए सवाल
डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए केंद्र सरकार पर झूठे आरोप लगा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के 10 वर्षों के कार्यकाल में हिमाचल प्रदेश को लगभग 18 हजार करोड़ रुपये का राजस्व घाटा अनुदान (RDG) मिला था, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने हिमाचल को करीब 89 हजार करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक सहायता प्रदान की है।
उन्होंने कहा कि इसके बावजूद केंद्र पर भेदभाव के आरोप लगाना तथ्यहीन है और जनता को गुमराह करने का प्रयास है।
इस अवसर पर पांवटा साहिब के विधायक सुखराम चौधरी, पच्छाद की विधायक रीना कश्यप और जिला भाजपा अध्यक्ष धीरज गुप्ता भी मौजूद रहे।
