पांवटा साहिब में गिरी नदी में अवैध खनन पर बवाल, पर्यावरण प्रेमियों से आमने-सामने हुए खनन माफिया
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा साहिब क्षेत्र में गिरी नदी में कथित अवैध खनन को लेकर रविवार को उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब पर्यावरण प्रेमी और स्थानीय लोग खनन कर रहे लोगों के आमने-सामने आ गए। बताया जा रहा है कि नदी के बीचों-बीच दर्जनों ट्रैक्टर और आधा दर्जन से अधिक टमटमे अवैध रूप से खनन में लगे हुए थे।
मिली जानकारी के अनुसार, गिरी नदी में बड़े पैमाने पर अवैध खनन की सूचना मिलने के बाद कुछ पर्यावरण प्रेमी स्थानीय लोगों के साथ मौके पर पहुंचे। जब वे नदी में उतरे तो वहां कई ट्रैक्टर और टमटमे रेत-बजरी निकालते नजर आए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही पर्यावरण प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने खनन का विरोध किया, वहां मौजूद खनन से जुड़े लोग मौके से वाहन लेकर भागते नजर आए। इस दौरान कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण बना रहा।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि गिरी नदी में लंबे समय से अवैध खनन का खेल चल रहा है, जिससे नदी के पर्यावरण और जलस्तर पर भी असर पड़ सकता है। उन्होंने प्रशासन से इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।
बताया जा रहा है कि इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें नदी के बीचों-बीच खनन करते वाहन और बाद में उन्हें मौके से भागते देखा जा सकता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते अवैध खनन पर लगाम नहीं लगाई गई तो इससे नदी के प्राकृतिक स्वरूप और आसपास के पर्यावरण को गंभीर नुकसान हो सकता है।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले को लेकर क्या कार्रवाई करता है।
