नाहन कोर्ट के बाहर मारपीट का मामला: दोनों पक्षों ने दर्ज कराए क्रॉस मामले दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
नाहन (सिरमौर)। जिला सिरमौर के मुख्यालय नाहन में अदालत परिसर के बाहर हुए विवाद को लेकर पुलिस थाना नाहन में मारपीट और धमकी देने के दो क्रॉस मामले दर्ज किए गए हैं। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शिकायतों के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
पहले मामले में हरिपुर मोहल्ला निवासी वीना चुग पत्नी राम कुमार चुग ने शिकायत दी है कि 11 मार्च 2026 को वह अपने बेटे राहुल चुग के साथ अतिरिक्त जिला न्यायालय नाहन में पेशी के बाद वापस लौट रही थी। आरोप है कि कोर्ट गेट के पास माधवी चौहान, नंदिनी चौहान और आशु जैन ने उनका रास्ता रोक लिया और धक्का दिया, जिससे वह गिर गईं। शिकायत के अनुसार इस दौरान राहुल चुग के साथ भी मारपीट की गई, गाली-गलौच किया गया और जान से मारने की धमकी दी गई।
Also Read
🔴 नालागढ़ के सैणी माजरा में फैक्ट्री के स्क्रैप गोदाम में लगी आग, दमकल ने दो घंटे में पाया काबू
वहीं दूसरे पक्ष की ओर से माधवी चौहान पुत्री जे.एस. चौहान निवासी नया बाजार नाहन ने भी पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि 11 मार्च को फैमिली कोर्ट नंबर-2 में तलाक से जुड़े मामले की सुनवाई के बाद राहुल चुग ने उनके साथ गाली-गलौच की, रास्ता रोका और हाथापाई करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस थाना नाहन ने दोनों शिकायतों के आधार पर क्रॉस केस दर्ज कर लिए हैं। मामले की जांच जारी है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है।
