त्रिलोकपुर शक्तिपीठ में उमड़ी आस्था की भीड़, रविवार को 6000 श्रद्धालुओं ने टेका माथा; नवरात्र मेले की तैयारियां तेज
कालाअंब (सिरमौर)। जिला सिरमौर के प्रसिद्ध शक्ति पीठ त्रिलोकपुर मंदिर में रविवार को आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। साप्ताहिक अवकाश होने के चलते सुबह से ही श्रद्धालुओं का मंदिर पहुंचना शुरू हो गया था और यह सिलसिला दिनभर जारी रहा। मंदिर में करीब 6000 से अधिक श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में माथा टेककर सुख-समृद्धि की कामना की।
रविवार होने के कारण स्थानीय लोगों के साथ-साथ आसपास के जिलों और पड़ोसी राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु त्रिलोकपुर पहुंचे। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में दिनभर भक्तों की भीड़ देखी गई। श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा-अर्चना कर माता का आशीर्वाद लिया और परिवार की खुशहाली की कामना की।
इसी बीच आगामी नवरात्र मेले को लेकर भी त्रिलोकपुर में हलचल बढ़ने लगी है। मेले में दुकानें सजाने और अपने स्टॉल लगाने के लिए बाहरी राज्यों के दुकानदार भी यहां पहुंचने शुरू हो गए हैं। दुकानदारों के पहुंचने से मंदिर क्षेत्र में मेले जैसा माहौल बनने लगा है और प्रशासन भी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुट गया है।
श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ और मेले की तैयारियों के चलते कुछ समय के लिए त्रिलोकपुर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने तुरंत स्थिति को संभालते हुए ट्रैफिक को सुचारु किया और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी।
मंदिर न्यास प्रभारी विजय पाल सिंह ने बताया कि साप्ताहिक अवकाश के दिन मंदिर में हमेशा श्रद्धालुओं की संख्या अधिक रहती है। रविवार को भी करीब 6000 से ज्यादा श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। उन्होंने कहा कि मंदिर न्यास की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से चलाई जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि आगामी नवरात्र मेले को लेकर तैयारियां भी तेजी से की जा रही हैं। मंदिर परिसर में साफ-सफाई, सुरक्षा और श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। साथ ही श्रद्धालुओं को मंदिर के नियमों और व्यवस्थाओं की जानकारी भी दी जा रही है, जिसमें भक्तों का भी पूरा सहयोग मिल रहा है।
नवरात्र के दौरान त्रिलोकपुर में श्रद्धालुओं की संख्या और अधिक बढ़ने की संभावना है, जिसे देखते हुए मंदिर न्यास और प्रशासन पहले से ही व्यवस्थाओं को मजबूत करने में जुट गया है।
