टिंबी में पेयजल योजनाएं, निरीक्षण कुटीर और पुस्तकालय का उद्घाटन; बस अड्डा और नई बस सेवाओं का भी दिया आश्वासन
नाहन (सिरमौर)। जिला सिरमौर के शिलाई विधानसभा क्षेत्र में रविवार को विकास कार्यों को गति देते हुए उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने करीब 7 करोड़ 50 लाख रुपये की विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस दौरान उद्योग, संसदीय कार्य एवं श्रम रोजगार मंत्री हर्ष वर्धन चौहान भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
टिंबी में आयोजित कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ने 90 लाख रुपये की कालची-चियाली उठाऊ पेयजल योजना और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टिंबी में पुस्तकालय का लोकार्पण किया।
Also Read
🔴 हिमाचल में बदला मौसम: शिमला में बारिश, कई जिलों में ओलावृष्टि और तेज हवाओं का ऑरेंज अलर्ट
इसके अलावा उन्होंने 5 करोड़ 17 लाख रुपये की लागत से थौन्था-जाखल उठाऊ पेयजल योजना के विस्तार की आधारशिला रखी। साथ ही 1 करोड़ 11 लाख रुपये से टिंबी में जल शक्ति विभाग के निरीक्षण कुटीर का भी शिलान्यास किया।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के विकास के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने यशवंत सिंह परमार और वीरभद्र सिंह द्वारा प्रदेश के विकास के लिए किए गए कार्यों को भी याद किया।
उन्होंने जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि एशियन डेवलपमेंट बैंक के तहत चल रही 18 करोड़ रुपये की जल आपूर्ति योजना को जल्द पूरा किया जाए और क्षेत्र में पाइपलाइन बिछाने के कार्यों को भी तेजी से पूरा किया जाए।
उपमुख्यमंत्री ने शिलाई में बस अड्डा निर्माण के लिए भूमि चयन करने के निर्देश दिए और शिलाई-शिमला, शिलाई-हरिद्वार तथा शिलाई-चंडीगढ़ रूट पर बस सेवाएं शुरू करने का भी आश्वासन दिया।
इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारियों सहित कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
