Solan News: सैणी माजरा की फैक्ट्री के स्क्रैप गोदाम में लगी आग, दमकल ने दो घंटे में पाया काबू
नालागढ़ (सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र नालागढ़ के सैणी माजरा में स्थित एक फैक्ट्री के स्क्रैप गोदाम में रविवार दोपहर अचानक आग लग गई। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। इस घटना में करीब 10 हजार रुपये के स्क्रैप के जलने की सूचना है।
जानकारी के अनुसार सैणी माजरा में पंप पैनल बनाने वाली फैक्ट्री के पास स्थित स्क्रैप गोदाम में दोपहर करीब 1:30 बजे अचानक आग लग गई। देखते ही देखते स्क्रैप में लगी आग ने तेज़ी पकड़ ली और फैक्ट्री परिसर के लिए खतरा पैदा हो गया।
फैक्ट्री प्रबंधन ने तुरंत स्थिति को भांपते हुए अपने फायर हाइड्रेंट सिस्टम को चालू कर दिया और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। इसी दौरान दमकल विभाग को भी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
Also Read
🔴 मंडी में 152 करोड़ के ज्यूडिशियल कोर्ट कॉम्प्लेक्स का शिलान्यास, CJI सूर्यकांत ने दिया बड़ा संदेश
करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों और फैक्ट्री स्टाफ की संयुक्त कोशिशों से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि आग फैक्ट्री की मुख्य इकाई तक नहीं पहुंची और किसी तरह का बड़ा नुकसान या जनहानि नहीं हुई।
अग्निशमन अधिकारी जयपाल सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। इस घटना में करीब 10 हजार रुपये का स्क्रैप जलकर राख हो गया। दमकल विभाग की टीम ने समय रहते आग पर नियंत्रण कर पास स्थित कंपनी को सुरक्षित बचा लिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर आग समय पर नहीं बुझती तो आसपास की अन्य औद्योगिक इकाइयों को भी खतरा हो सकता था।
