हिमाचल में बदला मौसम: शिमला समेत कई इलाकों में बारिश
20 मार्च तक बारिश-बर्फबारी के आसार; कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट
शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश के कई इलाकों में मौसम खराब बना हुआ है। राजधानी शिमला समेत कई क्षेत्रों में रविवार को बारिश दर्ज की गई, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी हुई है। मौसम विभाग ने 15 से 20 मार्च के बीच प्रदेश में बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान जारी किया है।
शनिवार को लाहौल-स्पीति और ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदला रहा। रोहतांग दर्रा के साथ शिंकुला दर्रा, बारालाचा दर्रा और कुंजम दर्रा में हल्की बर्फबारी देखने को मिली। बर्फ के फाहे गिरने से इन इलाकों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को शिमला, कुल्लू और मंडी जिलों के कई क्षेत्रों में तेज हवाओं और ओलावृष्टि की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं प्रदेश के अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
Also Read
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला का कहना है कि 16, 18 और 19 मार्च को राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं की संभावना बनी रहेगी। इन दिनों 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
हालांकि 17 मार्च को प्रदेश में मौसम के साफ रहने का अनुमान है। इसके बाद 18, 19 और 20 मार्च को फिर से कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचे इलाकों में बर्फबारी हो सकती है।
मौसम में आए इस बदलाव का असर तापमान पर भी देखने को मिलेगा। अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन उसके बाद अगले तीन से चार दिनों में प्रदेश के कई क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 2 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।
मौसम विभाग ने खराब मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर पहाड़ी और ऊंचाई वाले इलाकों में यात्रा करने वाले लोगों को सावधानी बरतने को कहा गया है।
