पांवटा साहिब में मारपीट के तीन मामले दर्ज, अलग-अलग घटनाओं में कई लोग घायल
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा साहिब क्षेत्र में मारपीट और धमकी से जुड़े तीन अलग-अलग मामले सामने आए हैं। इन मामलों में कई लोगों के घायल होने की जानकारी है। पुलिस ने शिकायतों के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहला मामला ऋषभ चौधरी पुत्र चन्द्रशेखर निवासी गांव घुतनपुर, डाकघर बातामण्डी, तहसील पांवटा साहिब की शिकायत पर दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता के अनुसार बातामण्डी में सुरेश निवासी भुपपुर, निटू निवासी किशनपुरा, बन्टी निवासी अजीवाला और उनके साथ कुछ अन्य युवकों ने उसके साथ लड़ाई-झगड़ा किया। आरोप है कि इस दौरान उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Also Read
🔴 बिलासपुर के मल्होट में भेड़ पालक की हत्या, गर्दन पर तेजधार हथियार से वार; पुलिस आरोपी की तलाश में
🔴 पांवटा साहिब में तेज रफ्तार ट्रालों का आतंक: दो सड़क हादसों में चार लोग घायल, चालक फरार
दूसरा मामला राजकुमारी गद्दी पत्नी किन्नर निवासी वार्ड नंबर 09 देवीनगर, पांवटा साहिब की शिकायत पर दर्ज हुआ है। शिकायतकर्ता के अनुसार 13 मार्च 2026 को वह अपने साथी खुशी और चालक समीर के साथ गांव कुण्डियों में बधाई लेने गई थी। वहां पहले से मौजूद जोया, नैना, आशा और शिवानी के साथ कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान जोया ने राजकुमारी को धक्का देकर गिरा दिया और लात-घूंसों से मारपीट की। इस घटना में राजकुमारी को पेट, छाती और टांगों में चोटें आई हैं।
तीसरा मामला जोया महन्त निवासी गुज्जर कॉलोनी बद्रीपुर, पांवटा साहिब की शिकायत पर दर्ज किया गया है। जोया के अनुसार वह अपनी साथियों आशा, नैना और शिवानी के साथ गांव कुण्डियों में बधाई मांगने गई थी। इसी दौरान राजकुमारी उर्फ नर्गिस अपने साथियों समीर खान और खुशी उर्फ जानी के साथ वहां पहुंची और गाली-गलौच करते हुए डंडों से हमला कर दिया। इस मारपीट में जोया को बाजू, टांग और कमर में चोटें आई हैं।
पुलिस अधीक्षक सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि तीनों मामलों में शिकायतों के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और घटनाओं की जांच जारी है। जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
