बिलासपुर के मल्होट में भेड़ पालक की हत्या, गर्दन पर कुल्हाड़ी से वार कर फरार हुआ आरोपी
बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के शाहतलाई थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मल्होट इलाके में एक भेड़ पालक की हत्या का मामला सामने आया है। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की उम्र करीब 45 वर्ष बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उसकी गर्दन पर तेजधार हथियार से वार किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर शाहतलाई थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच में पता चला कि मृतक भेड़ पालक कुछ दिन पहले ही अपनी भेड़ों के साथ इस क्षेत्र में अस्थायी तौर पर डेरा डालकर रह रहा था।
पुलिस के अनुसार मृतक और संदिग्ध आरोपी दोनों ही गद्दी समुदाय से जुड़े भेड़ पालक बताए जा रहे हैं। हालांकि हत्या के पीछे की असली वजह का अभी खुलासा नहीं हो पाया है और पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
Also Read
🔴 पांवटा साहिब में तेज रफ्तार ट्रालों का आतंक: दो सड़क हादसों में चार लोग घायल, चालक फरार
मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए हैं, जिनके आधार पर आगे की जांच की जाएगी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एम्स बिलासपुर भेज दिया है।
एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने बताया कि मल्होट क्षेत्र में भेड़ पालक की हत्या का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जांच में तेजधार हथियार से वार किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़कर मामले का खुलासा किया जाएगा।
