पांवटा साहिब क्षेत्र में अनियंत्रित ट्रालों का आतंक, दो सड़क हादसों में चार लोग घायल
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा साहिब क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रालों का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार देर रात हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोग घायल हो गए। दोनों ही मामलों में ट्राला चालक वाहन छोड़कर या मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहला हादसा शुक्रवार की रात करीब 9:15 बजे पातलियों स्थित पिकअप यूनियन के पास पेश आया। शिकायतकर्ता जाबिर पुत्र शबीर अली निवासी गांव पातलियों, डाकघर बातामंडी, तहसील पांवटा साहिब ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि एक ट्रक/ट्राला नंबर HR58E-0166 ने तेज रफ्तारी और लापरवाही से बिना देखे यू-टर्न लेते हुए मोटरसाइकिल नंबर HP17E-9725 को टक्कर मार दी।
Also Read
हादसे के समय मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत उपचार के लिए सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया गया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
वहीं दूसरा सड़क हादसा शुक्रवार मध्यरात्रि करीब 12:30 बजे भेड़ेवाला के पास हुआ। शिकायतकर्ता रविशेख पुत्र पूर्ण सिंह निवासी गांव पुरुवाला, डाकघर गोरखुवाला ने पुलिस को बताया कि वह अपने दोस्त prmjit के साथ पांवटा साहिब मेले में आया हुआ था। जब वे वापस लौट रहे थे, तभी भेड़ेवाला के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्राले ने प्रमजीत की मोटरसाइकिल नंबर HP17G-4484 को टक्कर मार दी।
इस हादसे में परमजीत गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्राला चालक मौके से फरार हो गया। घायल को उपचार के लिए सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया गया।
दोनों मामलों में पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है और फरार ट्राला चालकों की तलाश की जा रही है। लगातार हो रहे इन हादसों के बाद क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रालों को लेकर लोगों में चिंता भी बढ़ने लगी है। लोगों ने पुलिस और जिला प्रशासन से इन बेलगाम ट्रालों पर सख़्ती से रोक लगाने और इनके चालकों के लाइसेंस जाँचने की भी मांग की है।
