Solan News: बद्दी में स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर सख्ती, पुलिस ने 32 स्कूल वाहनों की जांच कर काटे चालान
बद्दी (सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने वाले वाहनों में नियमों की अनदेखी की शिकायतों के बाद पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर कई वाहनों की जांच की। इस कार्रवाई में कई गंभीर लापरवाहियां सामने आईं, जो बच्चों की सुरक्षा के लिहाज से चिंताजनक मानी जा रही हैं।
शुक्रवार को बद्दी पुलिस की टीम ने विभिन्न स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया और 32 स्कूली बसों व वाहनों के दस्तावेजों की जांच की। जांच के दौरान पाया गया कि कई निजी स्कूल बच्चों के परिवहन के लिए ऐसे वाहन इस्तेमाल कर रहे हैं जो तय मानकों पर खरे नहीं उतरते। कुछ वाहन बिना पीले रंग के ही चल रहे थे, जबकि नियमों के अनुसार स्कूली वाहनों का पीले रंग का होना जरूरी है।
Also Read
🔴 तीसरा मोर्चा बनने से भाजपा को होगा नुकसान, कांग्रेस को नहीं पड़ेगा असर : विनय कुमार
इसके अलावा कई वाहनों पर स्कूल का नाम तक स्पष्ट रूप से अंकित नहीं पाया गया। सुरक्षा के लिए अनिवार्य जीपीएस सिस्टम और सीसीटीवी कैमरे भी कई वाहनों में नहीं लगे थे। वहीं कुछ बसें बिना स्पीड गवर्नर के चलती मिलीं, जिससे तेज रफ्तार के कारण दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है।
पुलिस ने मौके पर ही नियमों के उल्लंघन पर चालान किए। कार्रवाई के दौरान वर्दी न पहनने पर 7 चालान, सीट बेल्ट न लगाने पर 1 और फर्स्ट एड बॉक्स न होने पर 1 चालान किया गया।
यह कार्रवाई सिर्फ नियम लागू करने के लिए ही नहीं, बल्कि बच्चों के सुरक्षित सफर के अधिकार को सुनिश्चित करने के लिए भी की गई। विशेषज्ञों का मानना है कि स्कूली परिवहन में लापरवाही सीधे तौर पर बच्चों के जीवन और उनके मानवाधिकारों से जुड़ा मुद्दा है।
एएसपी बद्दी अशोक वर्मा ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और स्कूली वाहनों में सुरक्षा मानकों से किसी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में यह अभियान पूरे बीबीएन क्षेत्र में और तेज किया जाएगा ताकि सभी स्कूल प्रबंधन सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करें।
पुलिस की इस कार्रवाई से उम्मीद जताई जा रही है कि स्कूल प्रबंधन और वाहन संचालक भविष्य में सुरक्षा मानकों को लेकर अधिक जिम्मेदारी दिखाएंगे, ताकि बच्चों का सफर सुरक्षित और भरोसेमंद बन सके।
