चंबा के चुराह में टीजीटी शिक्षक पर छात्रा से अनुचित स्पर्श का आरोप, पुलिस ने दर्ज की FIR
चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के चुराह उपमंडल के एक सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में तैनात टीजीटी शिक्षक पर छात्रा के साथ अनुचित व्यवहार का आरोप लगा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को पुलिस चौकी नकरोड़ से ई-मेल के माध्यम से यह शिकायत थाना तीसा को भेजी गई। शिकायत स्कूल के प्रधानाचार्य की ओर से दी गई थी। बताया गया कि संबंधित छात्रा ने अपने पिता के साथ मिलकर मोबाइल फोन के माध्यम से घटना की जानकारी स्कूल प्रधानाचार्य और विद्यालय की यौन उत्पीड़न समिति की अध्यक्ष को दी थी।
मामले की सूचना मिलने के बाद स्कूल प्रबंधन ने पूरे घटनाक्रम से उपनिदेशक (प्रारंभिक शिक्षा) चंबा को अवगत कराया। विभाग की ओर से आवश्यक निर्देश मिलने के बाद मामले को पुलिस के संज्ञान में लाया गया।
शिकायत के आधार पर थाना तीसा पुलिस ने संबंधित शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक चंबा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है और मामले की गहन जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
