हिमाचल में पीईटी के 870 पद भरने की तैयारी, जॉब ट्रेनी के तौर पर होगी भर्ती, 21,500 रुपये मिलेगा मानदेय
शिमला। हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में खेल गतिविधियों को मजबूत बनाने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। प्रदेश के स्कूलों में फिजिकल एजुकेशन टीचर (पीईटी) के 870 पद भरने को मंजूरी दे दी गई है। इन पदों को जॉब ट्रेनी के रूप में भरा जाएगा और चयनित अभ्यर्थियों को हर महीने 21,500 रुपये मानदेय दिया जाएगा। स्कूल शिक्षा निदेशालय ने इस भर्ती प्रक्रिया को शुरू करने की दिशा में जरूरी कदम उठाने शुरू कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार यह भर्ती कार्मिक विभाग द्वारा 19 जुलाई 2025 को जारी अधिसूचना के तहत लागू जॉब ट्रेनी योजना के अनुसार की जाएगी। साथ ही संबंधित पदों के मौजूदा भर्ती एवं पदोन्नति (आरएंडपी) नियमों को भी प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा। शिक्षा विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करते हुए अगले वित्तीय वर्ष के भीतर भर्ती प्रक्रिया पूरी की जाए।
Also Read
इसके बाद तय भर्ती एजेंसी के माध्यम से योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। माना जा रहा है कि इस भर्ती से युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और स्कूलों में खेल शिक्षा को भी मजबूती मिलेगी।
दरअसल, प्रदेश के कई सरकारी स्कूलों में लंबे समय से पीईटी के पद खाली पड़े हैं, जिसके कारण छात्रों की खेल गतिविधियां प्रभावित हो रही थीं। हिमाचल हाईकोर्ट के फैसले को ध्यान में रखते हुए सरकार ने इन पदों को भरने का निर्णय लिया है।
सरकार के इस कदम से उम्मीद जताई जा रही है कि स्कूलों में खेल प्रशिक्षण और शारीरिक शिक्षा को नई गति मिलेगी तथा छात्रों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।
