पांवटा साहिब में अवैध हथियार बरामद: पुलिस ने युवक के घर से अवैध पिस्टल और 8 जिंदा कारतूस किए जब्त
पांवटा साहिब (सिरमौर)। जिला सिरमौर में अवैध हथियार बरामद करने में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक युवक के कब्जे से अवैध पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वीरवार को पुलिस थाना पुरुवाला के अंतर्गत SIU/साइबर सेल नाहन की टीम को गुप्त सूचना मिली कि मेहरबान उर्फ अरबाज (22), निवासी गांव मैहरुवाला, डाकघर भंगाणी, तहसील पांवटा साहिब जिला सिरमौर, क्षेत्र में अवैध पिस्टल और देसी कट्टों की खरीद-फरोख्त में संलिप्त है और उसके पास इस समय भी एक अवैध हथियार मौजूद है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान पुलिस को एक अवैध पिस्टल, दो मैगजीन और कुल आठ जिंदा कारतूस बरामद हुए।
Also Read
इस बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी मेहरबान उर्फ अरबाज के खिलाफ पुलिस थाना पुरुवाला में आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 30 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी इन अवैध हथियारों को कहां से लाता था और किन लोगों को बेचता था।
पुलिस अधीक्षक सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि क्षेत्र में अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त पर सख्ती से नजर रखी जा रही है और इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
