सिरमौर में घरेलू गैस बुकिंग में आ रही दिक्कत, उपभोक्ता परेशान
नाहन (सिरमौर)। सिरमौर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में इन दिनों घरेलू एलपीजी गैस उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर बुकिंग को लेकर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस बुकिंग के लिए दिए गए नंबर पर कॉल करने के बावजूद बुकिंग नहीं हो पा रही है, जिससे लोगों के रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं।
उपभोक्ताओं के अनुसार बुकिंग नंबर पर कॉल करने पर “आपके द्वारा डायल किया गया नंबर सही नहीं है” जैसी सूचना सुनाई दे रही है। इससे लोगों में भ्रम की स्थिति बन गई है और वे समझ नहीं पा रहे कि गैस सिलेंडर की बुकिंग किस प्रकार कराई जाए।
जिले के कई उपभोक्ताओं का कहना है कि जिन्होंने करीब दो माह पहले गैस सिलेंडर भरवाया था, उनकी भी नई बुकिंग नहीं हो पा रही है। ऐसे में रसोई गैस की उपलब्धता को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है।
Also Read
दैनिक जनवार्ता टीम ने शुक्रवार को सिरमौर के औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब व आसपास के क्षेत्रों में मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया और लोगों की समस्या जानी।
स्थानीय लोगों मयंक, मदन, प्रिया, नीतू, रामपाल, अशोक सैनी, मोहित, अंकुर, सोनिया, मीनाक्षी, गौरव, मनोज, पालाराम, हरविंदर और दिनेश ने बताया कि बुकिंग न होने के कारण उन्हें काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है और घरेलू कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।
उधर प्रशासन का कहना है कि जिले में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है। अधिकारियों के अनुसार नियमों के तहत 45 दिन के बाद ही नई गैस बुकिंग संभव होती है।
इस संबंध में जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक सिरमौर ने बताया कि उपभोक्ताओं की समस्या की जानकारी मिली है और मामले के समाधान के लिए संबंधित गैस कंपनियों से बातचीत की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही समस्या का समाधान किया जाएगा, ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की है कि गैस एजेंसियों में अनावश्यक भीड़ न लगाएं और प्रशासन का सहयोग करें।
