सिरमौर: पुरुवाला में कंपनी के मालिक पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज, नकदी व गाड़ी लेकर फरार होने का आरोप
पांवटा साहिब (सिरमौर)। जिला सिरमौर के पुरुवाला थाना क्षेत्र में एक कंपनी के मालिक के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोप है कि वह अपने एक साथी के साथ कंपनी की नकदी, महत्वपूर्ण दस्तावेज और वाहन लेकर फरार हो गया।
मिली जानकारी के मुताबिक यमुना बेवरेजेस प्राइवेट लिमिटेड, नारीवाला (पांवटा साहिब) में लेखाकार के पद पर कार्यरत मोहित कुमार ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत में बताया गया है कि उनकी कंपनी को मेसर्स के.एम. इंजीनियरिंग सॉल्यूशन नामक कंपनी, जिसके मालिक कवेश मल्होत्रा पुत्र विमल मल्होत्रा निवासी गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) हैं, मशीनरी, स्पेयर पार्ट्स और कच्चा माल सप्लाई करती थी।
शिकायत के अनुसार यमुना बेवरेजेस कंपनी ने अब तक कुल 4,33,81,569 रुपये का भुगतान किया है, जबकि के.एम. इंजीनियरिंग सॉल्यूशन द्वारा 3,66,93,114 रुपये की ही सप्लाई दी गई। इस हिसाब से करीब 66,88,455 रुपये की राशि बाकी बताई जा रही है।
आरोप है कि 1 मार्च 2026 को कवेश मल्होत्रा अपने साथी ललित कुमार श्रीवास्तव पुत्र सतीश कुमार श्रीवास्तव निवासी बरेली (उत्तर प्रदेश) के साथ कंपनी से करीब दो लाख रुपये नकद, कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज और कंपनी की गाड़ी (HP17G-1408) लेकर फरार हो गए।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर थाना पुरुवाला में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस अधीक्षक सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि की है.
