कालाअंब में तेज रफ्तार कार ने पिकअप को मारी टक्कर, तीन लोग घायल; पुलिस ने दर्ज किया मामला
कालाअंब (सिरमौर)। सिरमौर जिले के कालाअंब–पांवटा साहिब एनएच-07 पर बुधवार को एक सड़क हादसे में तीन लोग घायल हो गए। दुर्घटना मोगीनंद के पास ढाका वाला क्षेत्र में हुई, जहां एक तेज रफ्तार कार ने पिकअप वाहन को टक्कर मार दी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार राजेंद्र कुमार पुत्र स्वर्गीय नांटा राम निवासी जोगीबन, शंभूवाला (सिरमौर) ने थाना कालाअंब में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत में बताया गया कि वह पिकअप में चालक विकास पुत्र मायाराम निवासी रुखड़ी, नाहन के साथ सफर कर रहा था।
जब उनका वाहन मोगीनंद के पास ढाका वाला क्षेत्र में पहुंचा तो नाहन की ओर से आ रही कार नंबर CH-01AX-5509 ने कथित तौर पर गलत दिशा में आकर पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में सवार चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार चालक जसविंद्र सिंह पुत्र गंडा सिंह निवासी मकान नंबर 2631, गेट नंबर-3, सेक्टर-52, मोहाली (पंजाब) के खिलाफ तेज रफ्तारी और लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 125 (a) के तहत थाना कालाअंब में मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि एसपी सिरमौर एन.एस. नेगी ने की है।
