बिना फिटनेस और इंश्योरेंस के दौड़ रही थी निजी बस, नाहन में परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई
नाहन (सिरमौर)। जिला सिरमौर के मुख्यालय नाहन में परिवहन विभाग ने नियमों की अनदेखी कर सड़कों पर दौड़ रही एक निजी बस के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार शाम दिल्ली गेट बस स्टॉप पर की गई जांच के दौरान विभाग ने एक निजी बस को मौके पर ही इंपाउंड कर दिया।
जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई आरटीओ सिरमौर सोना चंदेल के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीम ने की। जांच के दौरान जब बस चालक और परिचालक से ड्राइविंग लाइसेंस मांगा गया तो दोनों ही कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर पाए। यहां तक कि उनके मोबाइल फोन में भी लाइसेंस की कोई प्रति उपलब्ध नहीं थी। इसके अलावा दोनों कर्मचारी निर्धारित वर्दी में भी नहीं थे।
जांच में यह भी सामने आया कि संबंधित निजी बस सोलन–नाहन–पांवटा साहिब रूट पर संचालित होती है, जिसकी कुल दूरी करीब 135 किलोमीटर है। इतने लंबे रूट पर आवश्यक दस्तावेजों के बिना बस चलाना परिवहन नियमों का गंभीर उल्लंघन माना जा रहा है।
Also Read
परिवहन विभाग के मुताबिक बस की फिटनेस मंगलवार को ही समाप्त हो चुकी थी, जबकि वाहन का इंश्योरेंस भी काफी समय से नवीनीकृत नहीं कराया गया था। विभाग ने स्पष्ट किया कि वाहन मालिकों को फिटनेस समाप्त होने से करीब 15 दिन पहले नवीनीकरण के लिए आवेदन कर देना चाहिए, ताकि इस तरह की कार्रवाई से बचा जा सके।
आरटीओ सोना चंदेल ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर बस को मौके पर ही इंपाउंड कर दिया गया है और आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए परिवहन विभाग ऐसे वाहनों पर लगातार नजर रख रहा है और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
