Home राज्य हिमाचल में परिवहन व्यवस्था पर हाईकोर्ट सख्त, एसीएस और ट्रांसपोर्ट डायरेक्टर से छीने अहम पद

हिमाचल में परिवहन व्यवस्था पर हाईकोर्ट सख्त, एसीएस और ट्रांसपोर्ट डायरेक्टर से छीने अहम पद

by Dainik Janvarta
0 comment

Himachal News: हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, एसीएस को एसटीए और परिवहन निदेशक को आरटीए अध्यक्ष पद से हटाने के आदेश

शिमला: हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने राज्य के परिवहन प्राधिकरणों से जुड़े एक अहम मामले में बड़ा फैसला सुनाते हुए अतिरिक्त मुख्य सचिव (एसीएस) को राज्य परिवहन प्राधिकरण (एसटीए) और परिवहन निदेशक को क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण (आरटीए) के अध्यक्ष पद से हटाने के निर्देश दिए हैं। अदालत ने कहा है कि ये दोनों अधिकारी अब इन पदों पर काम नहीं कर सकेंगे।

न्यायमूर्ति विवेक सिंह ठाकुर और न्यायमूर्ति रंजन शर्मा की खंडपीठ ने 29 मई 2023 को जारी उस सरकारी अधिसूचना को रद्द कर दिया, जिसके तहत इन नियुक्तियों को वैध माना गया था। अदालत ने स्पष्ट किया कि आदेश के बाद दोनों अधिकारी तत्काल प्रभाव से इन पदों पर कार्य नहीं करेंगे।

सरकार को 31 मार्च तक नया गठन करने के निर्देश

हाईकोर्ट ने प्रदेश सरकार को निर्देश दिए हैं कि 31 मार्च तक राज्य परिवहन प्राधिकरण (एसटीए) और क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण (आरटीए) का कानून के अनुरूप पुनर्गठन किया जाए। अदालत ने कहा कि इन पदों पर ऐसे योग्य और निष्पक्ष व्यक्तियों की नियुक्ति होनी चाहिए, जिनका किसी परिवहन उपक्रम से प्रत्यक्ष हित न जुड़ा हो।

नई नियुक्तियां होने तक प्राधिकरण के अन्य सदस्य केवल रोजमर्रा के जरूरी काम निपटा सकेंगे। हालांकि इस दौरान वे रूट परमिट जारी करने या किसी तरह के नीतिगत फैसले नहीं ले पाएंगे।

Also Read

🔴 हिमाचल: न्यायिक नियुक्तियों की फाइलें कैबिनेट में अटकीं, हाईकोर्ट सख्त; अतिरिक्त मुख्य सचिव तलब

पहले लिए गए फैसले अमान्य नहीं होंगे

अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि अब तक चेयरमैन के रूप में लिए गए निर्णय स्वतः अवैध नहीं माने जाएंगे, ताकि प्रशासनिक व्यवस्था प्रभावित न हो। हालांकि यदि किसी फैसले को कानून के अन्य आधारों पर चुनौती दी जाती है तो उस पर अलग से विचार किया जा सकता है।

मोटर वाहन अधिनियम का हवाला

सुनवाई के दौरान अदालत ने पाया कि संबंधित अधिकारी हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में पदेन सदस्य हैं। मोटर वाहन अधिनियम 1988 की धारा 68(2) के अनुसार, किसी ऐसे व्यक्ति को एसटीए या आरटीए का सदस्य या अध्यक्ष नहीं बनाया जा सकता जिसका किसी परिवहन उपक्रम में वित्तीय हित हो।

अदालत के अनुसार एचआरटीसी के निदेशक मंडल से जुड़े होने के कारण इन अधिकारियों का वित्तीय और प्रशासनिक संबंध निगम से जुड़ जाता है, जिससे उनके लिए इन प्राधिकरणों का नेतृत्व करना निष्पक्षता के सिद्धांत के खिलाफ माना गया।

याचिका के बाद आया फैसला

यह मामला याचिकाकर्ता आनंद मोदगिल द्वारा दायर याचिका के बाद सामने आया था। याचिका में 29 मई 2023 की उस सरकारी अधिसूचना को चुनौती दी गई थी, जिसमें परिवहन सचिव को एसटीए और परिवहन निदेशक को प्रदेश के सभी आरटीए का अध्यक्ष बनाया गया था।

अदालत ने अपने आदेश में कहा कि परिवहन प्राधिकरणों को पूरी तरह निष्पक्ष होना चाहिए। यदि वही अधिकारी, जो सरकारी परिवहन उपक्रम से जुड़े हैं, निजी ऑपरेटरों को रूट परमिट देने या उनके खिलाफ कार्रवाई करने वाले प्राधिकरणों का नेतृत्व करेंगे तो पक्षपात की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। यह स्थिति निजी ऑपरेटरों के अधिकारों को भी प्रभावित कर सकती है।

You may also like

Leave a Comment

About Us

दैनिक जनवार्ता एक निष्पक्ष और राष्ट्र के प्रति समर्पित वेब न्यूज़ पोर्टल है। हमारा उद्देश्य सच्ची, निर्भीक और संतुलित पत्रकारिता के माध्यम से भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करना है। हम जाति, धर्म, लिंग, भाषा और संप्रदाय से ऊपर उठकर निष्पक्ष खबरें प्रस्तुत करते हैं। स्वैच्छिक संवाददाताओं की टीम के सहयोग से हम राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए विश्वसनीय सूचना जन-जन तक पहुँचाने का मिशन चला रहे हैं।

Contact for Design your website - 9318329982
Anshul Gupta
Software Engineer

@2023 – All Right Reserved. Designed and Developed DainikJanvarta

Adblock Detected

Please support us by disabling your AdBlocker extension from your browsers for our website.