मंडी में चलती HRTC बस के पीछे लटका मासूम, खतरनाक वीडियो वायरल होने के बाद जांच शुरू
मंडी। मंडी जिला के जोगिंद्रनगर उपमंडल से एक बेहद चिंताजनक वीडियो सामने आया है, जिसने लोगों को हैरान कर दिया है। स्कूल पहुंचने की जल्दबाजी में एक छोटा बच्चा हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की चलती बस के पीछे लगी सीढ़ी पर लटककर सफर करता दिखाई दे रहा है।
बुधवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस वीडियो को देखकर लोगों की सांसें थम सी गईं। वीडियो में साफ नजर आता है कि बच्चा बस के पिछले हिस्से की खुली सीढ़ी पर बैठा हुआ है। उसके पास न तो सुरक्षित बैठने की जगह है और न ही कोई सहारा।
बताया जा रहा है कि यह बस जोगिंद्रनगर से गलमाठा होते हुए पद्धर रूट पर जा रही थी। पहाड़ी सड़कों पर तीखे मोड़ और ऊबड़-खाबड़ रास्तों के बीच बच्चे का इस तरह सफर करना बेहद खतरनाक साबित हो सकता था। जरा सी चूक या झटका किसी बड़े हादसे में बदल सकता था।
जानकारी के अनुसार, यह वीडियो उसी रूट से गुजर रहे एक व्यक्ति ने रिकॉर्ड कर इंस्टाग्राम पर साझा किया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई है।
सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने इस लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री से मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, जोगिंद्रनगर बस अड्डा प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि उन्हें वायरल वीडियो की जानकारी मिल गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बस के चालक और परिचालक से पूछताछ की गई है और विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
उन्होंने यह भी बताया कि संबंधित बस पिछले करीब पांच दिनों से इस रूट पर नहीं चल रही है और फिलहाल वर्कशॉप में मरम्मत के लिए खड़ी है।
