जिला सिरमौर में कॉमर्शियल गैस आपूर्ति ठप, कालाअंब और पांवटा साहिब के उद्योगों पर संकट
कालाअंब/पांवटा साहिब (सिरमौर)। जिला सिरमौर के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों कालाअंब और पांवटा साहिब में कॉमर्शियल गैस की आपूर्ति ठप होने से उद्योगों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है। गैस आपूर्ति बंद होने का असर विशेष रूप से कालाअंब औद्योगिक क्षेत्र में देखने को मिल रहा है, जबकि पांवटा साहिब के कई उद्योगों और कारोबारियों को भी इससे परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार कालाअंब और पांवटा साहिब औद्योगिक क्षेत्र में करीब 100 उद्योग ऐसे हैं, जिनका उत्पादन कॉमर्शियल गैस पर निर्भर है। गैस की आपूर्ति बंद होने के कारण इन उद्योगों में उत्पादन प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। यदि स्थिति जल्द सामान्य नहीं हुई तो कई उद्योगों में उत्पादन बंद होने की नौबत भी आ सकती है।
वहीं कालाअंब और पांवटा साहिब सहित अन्य क्षेत्रों में 5 हजार से अधिक व्यापारिक प्रतिष्ठान—जिनमें होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे, फास्ट फूड, मिठाई और चाय की दुकानें शामिल हैं—भी इस संकट से प्रभावित हो रहे हैं। कारोबारियों का कहना है कि कॉमर्शियल गैस के बिना उनके कामकाज पर सीधा असर पड़ रहा है और कई जगह वैकल्पिक व्यवस्था करना भी मुश्किल हो रहा है।
Also Read
🔴 सिरमौर के शिलाई में 300 से ज्यादा हरे चीड़ के पेड़ काटने के मामले में बीओ और वनरक्षक निलंबित
🔴 हिमाचल में 81 नई पंचायतों का गठन, अब कुल संख्या 3701 पहुंची
बताया जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के चलते भारत सरकार के पेट्रोलियम मंत्रालय की ओर से 5 मार्च को एक अधिसूचना जारी की गई है। इस अधिसूचना के अनुसार फिलहाल कॉमर्शियल गैस की आपूर्ति पर रोक लगा दी गई है, जबकि घरेलू गैस आपूर्ति को प्राथमिकता देते हुए उसे जारी रखा गया है।
कालाअंब के कॉमर्शियल गैस वितरक प्रदीप पोसवाल और इकबाल मोहम्मद ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि भारत सरकार के निर्देशों के अनुसार अगले आदेशों तक कॉमर्शियल गैस की आपूर्ति बंद कर दी गई है। उन्होंने बताया कि इस फैसले के चलते कालाअंब और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में उद्योगों और सैकड़ों व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तक गैस की आपूर्ति नहीं हो पा रही है।
उधर, गैस आपूर्ति ठप होने से जिला सिरमौर के उद्योग जगत और व्यापारिक वर्ग में चिंता का माहौल है। उद्यमियों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो कालाअंब और पांवटा साहिब के औद्योगिक क्षेत्रों में उत्पादन और कारोबार दोनों पर गंभीर असर पड़ सकता है।
