पुलिस ने कार से पकड़ी हेरोइन, 10,450 रुपये नकदी भी बरामद; पूरे नेटवर्क की जांच शुरू
नाहन (सिरमौर), 10 मार्च। जिला सिरमौर में नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस थाना नाहन क्षेत्र में कार से 15.73 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद किया गया है। इस मामले में एक ही परिवार के तीन सदस्यों सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को जिला सिरमौर की एसआईयू (SIU) टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि गाड़ी नंबर HP18C-8477 में सवार कुछ लोग चिट्टा लेकर कोटड़ी स्थित अपने किराये के मकान की ओर जा रहे हैं और लंबे समय से नशे की तस्करी में संलिप्त हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए वाहन को रोककर जांच की।
Also Read
🔴 सिरमौर: शिलाई में 282 पेड़ों के अवैध कटान पर गरमाया मामला, एबीवीपी ने अरण्यपाल को सौंपा ज्ञापन
जांच के दौरान पुलिस ने राघवन कुमार उर्फ रोक्स पुत्र विनोद कुमार, लतिका पत्नी विनोद कुमार, निखिल कुमार पुत्र विनोद कुमार, निवासी मकान नंबर 332 दुर्गा कॉलोनी कालाआंब, जिला अंबाला (हरियाणा) और पिंकी उर्फ नैंसी पुत्री हीरालाल ठाकुर, निवासी गलोग नगाली, डाकघर बड़ोग रेलवे स्टेशन, जिला सोलन (वर्तमान में कोटड़ी, नाहन) को काबू किया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 15.73 ग्राम चिट्टा/स्मैक बरामद किया गया। इसके अलावा पुलिस ने 10,450 रुपये नकद भी बरामद किए हैं, जिन्हें नशे की कमाई माना जा रहा है।
पुलिस ने इस संबंध में पुलिस थाना नाहन में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनसे पूछताछ जारी है।
पुलिस अधीक्षक सिरमौर एन.एस. नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जा रहा है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और कहां सप्लाई किया जाना था। साथ ही इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है।
उन्होंने कहा कि जिले में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
