Solan News: बसाल के जंगल में फेंकी मिली भारी मात्रा में जीवन रक्षक दवाएं, जांच की मांग
सोलन। सोलन शहर से सटे बसाल क्षेत्र के जंगल में भारी मात्रा में जीवन रक्षक दवाएं फेंके जाने का मामला सामने आया है। सड़क किनारे से नीचे जंगल की ढलान तक बड़ी संख्या में दवाइयों के पैकेट और शीशियां बिखरी हुई पाई गईं, जिसे देखकर स्थानीय लोग हैरान रह गए।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, जंगल के पास से गुजरते समय उन्हें सड़क के नीचे ढलान में दवाइयों का ढेर दिखाई दिया। करीब जाकर देखने पर पता चला कि यह सामान्य दवाइयां नहीं बल्कि कई प्रकार की जीवन रक्षक दवाएं हैं, जिन्हें बड़ी मात्रा में यहां ठिकाने लगाया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि इतनी अधिक संख्या में दवाइयां यहां कैसे पहुंचीं, यह बड़ा सवाल है। आशंका जताई जा रही है कि या तो किसी दवा कंपनी द्वारा एक्सपायरी या खराब दवाओं को यहां फेंका गया है या फिर किसी केमिस्ट ने नियमों का उल्लंघन करते हुए इन्हें जंगल में ठिकाने लगा दिया।
इस मामले को लेकर ग्रामीणों ने संबंधित विभाग को सूचना दे दी है। बताया जा रहा है कि ड्रग विभाग को भी इसकी जानकारी दे दी गई है, ताकि मामले की जांच कर सच्चाई सामने लाई जा सके।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले की गंभीरता से जांच की जाए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि भविष्य में इस तरह से दवाओं को खुले में फेंककर पर्यावरण और लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ न किया जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इस तरह की गतिविधियों पर रोक नहीं लगाई गई तो इससे जंगल और आसपास के जल स्रोत भी प्रदूषित हो सकते हैं, जो आगे चलकर लोगों और पशुओं के लिए खतरा बन सकता है।
