शिलाई में 282 पेड़ों के अवैध कटान पर भड़की ABVP, अरण्यपाल को सौंपा ज्ञापन
नाहन/शिलाई (सिरमौर)। जिला सिरमौर के शिलाई क्षेत्र में 282 पेड़ों के कथित अवैध कटान के मामले को लेकर छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने कड़ी नाराजगी जताई है। इस मामले में संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को वन विभाग के अरण्यपाल कार्यालय सिरमौर पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
एबीवीपी पदाधिकारियों ने कहा कि शिलाई क्षेत्र में बड़ी संख्या में पेड़ों की कटाई पर्यावरण के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उनका आरोप है कि करीब 282 पेड़ों का अवैध रूप से कटान किया गया है, जिससे स्थानीय पारिस्थितिकी तंत्र को नुकसान पहुंच सकता है। संगठन ने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की पहचान की जाए और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
Also Read
प्रतिनिधिमंडल ने वन विभाग से यह भी आग्रह किया कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए निगरानी व्यवस्था को मजबूत किया जाए और जंगलों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।
एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि मामले में जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन इस मुद्दे को लेकर व्यापक आंदोलन भी शुरू कर सकता है।
