ऊना के रैंसरी गांव में माउंट कार्मल स्कूल की बस से उतरने के बाद बैक करते समय चालक को नहीं दिखीं दोनों बच्चियां
हादसे में 3 साल की आश्वी की मौत, बहन परीक्षा की हालत नाजुक।
ऊना। हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना के गांव रैंसरी में सोमवार को दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। स्कूल से घर लौटी दो मासूम बहनें उसी स्कूल बस की चपेट में आ गईं। हादसे में तीन साल की बच्ची की पीजीआई चंडीगढ़ ले जाते समय मौत हो गई, जबकि दूसरी बच्ची का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार रैंसरी गांव निवासी सुशील की बेटियां आश्वी (LKG) और परीक्षा (UKG) माउंट कार्मल स्कूल में पढ़ती थीं। सोमवार दोपहर दोनों बच्चियां रोज की तरह स्कूल बस से घर लौटी थीं। बस उनके घर के पास रुकी और दोनों बच्चियां उतर गईं।
बताया जा रहा है कि बच्चियों के उतरने के बाद बस चालक वाहन को मोड़ने के लिए बस को पीछे करने लगा। इसी दौरान चालक को दोनों बच्चियां दिखाई नहीं दीं और वे बस की चपेट में आ गईं। अचानक हुए इस हादसे को देखकर आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों बच्चियों को बस के नीचे से निकालकर क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया।
Also Read
🔴 हिमाचल: 18 वर्षीय युवक ने तेंदुए से 12 मिनट तक की जानलेवा भिड़ंत, खुद को बचाते हुए मार गिराया
लेकिन पीजीआई ले जाते समय रास्ते में ही तीन वर्षीय आश्वी ने दम तोड़ दिया, जबकि उसकी बहन परीक्षा का इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही तो नहीं हुई।
