एचपीयू में दो छात्र गुटों में हिंसक झड़प, छात्र के पेट में तेजधार हथियार से हमला; आईजीएमसी में भर्ती
शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) परिसर में छात्र संगठनों के बीच चल रहा तनाव सोमवार को फिर हिंसक रूप ले गया। दो छात्र गुटों के बीच हुई झड़प के दौरान एक छात्र पर छुरीनुमा तेजधार हथियार से हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल छात्र को तुरंत उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद परिसर में तनाव का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह से ही छात्र संगठनों के कार्यकर्ताओं के बीच विवाद की स्थिति बनी हुई थी। दोपहर करीब डेढ़ बजे लॉ ब्लॉक के पास दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। इसी दौरान एक युवक ने दूसरे छात्र के पेट पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया।
घटना के तुरंत बाद घायल छात्र को साथियों द्वारा उपचार के लिए इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
Also Read
🔴 हिमाचल में जेबीटी के 600 पदों पर भर्ती, 16 मार्च से शुरू होंगे आवेदन; जानें योग्यता और अंतिम तिथि
सूचना मिलते ही बालूगंज थाना पुलिस और क्यूआरटी की टीम मौके पर पहुंच गई। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने लॉ डिपार्टमेंट परिसर में बाहरी लोगों की आवाजाही पर फिलहाल रोक लगा दी है।
एसएफआई जिला समिति के अध्यक्ष विवेक ने बताया कि उनके संगठन के एक कार्यकर्ता पर पेट में तेजधार हथियार से हमला किया गया है। उन्होंने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं शिमला के एसएसपी गौरव सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल को विश्वविद्यालय परिसर में तैनात कर दिया गया है। पुलिस को इस मामले में शिकायत मिली है और उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
