डॉक्टरों से किया सीधा संवाद, स्वास्थ्य सुविधाओं को आधुनिक बनाने पर 3 हजार करोड़ रुपये खर्च करेगी सरकार
नाहन (सिरमौर)। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने रविवार को सिरमौर जिले के नाहन मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया और वहां कार्यरत डॉक्टरों के साथ संवाद कर स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी समस्याओं और सुझावों को सुना। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका उद्देश्य चिकित्सकों की बात सुनना है, ताकि उनके अनुभव और सुझावों के आधार पर प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके।
उन्होंने कहा कि इससे पहले भी वह प्रदेश के अन्य मेडिकल कॉलेजों में जाकर डॉक्टरों के साथ इसी तरह संवाद कर चुके हैं। सरकार चाहती है कि चिकित्सकों के सुझावों को नीति निर्माण में शामिल किया जाए, जिससे मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं में ठोस सुधार हो सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के कई मेडिकल कॉलेज केवल रेफरल स्वास्थ्य संस्थान बनकर रह गए हैं, लेकिन राज्य सरकार इन संस्थानों को मजबूत बनाकर ऐसी व्यवस्था विकसित करना चाहती है कि लोगों को बेहतर इलाज के लिए प्रदेश से बाहर न जाना पड़े।
Also Read
🔴 सिरमौर को मुख्यमंत्री सुक्खू की बड़ी सौगात: 190 करोड़ की 17 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक बनाने के लिए सरकार हाई-एंड मेडिकल टेक्नोलॉजी प्रदेश में ला रही है, जिस पर आने वाले समय में करीब 3 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि डॉक्टरों को बेहतर सुविधाएं और प्रोत्साहन देना भी सरकार की प्राथमिकता है। इसी कड़ी में राज्य सरकार ने सीनियर रेजिडेंट डॉक्टरों का स्टाइपेंड 40 हजार रुपये से बढ़ाकर 1 लाख रुपये कर दिया है। वहीं सीनियर रेजिडेंट सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टरों का स्टाइपेंड 1 लाख रुपये से बढ़ाकर 1.30 लाख रुपये किया गया है।
उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेजों में पीजी सीटों की संख्या बढ़ाई जाएगी और विद्यार्थियों के लिए 60-60 के सेक्शन बनाए जाएंगे। उसी अनुपात में शिक्षण और अन्य स्टाफ भी उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि मेडिकल छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, विधायक एवं एचपीसीसी अध्यक्ष विनय कुमार, विधायक अजय सोलंकी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गंगू राम मुसाफिर, पूर्व विधायक किरनेश जंग व अजय बहादुर, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष विद्या नेगी, महासचिव बाल कल्याण परिषद जैनब चंदेल, राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष डॉ. एसपी कत्याल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष आनंद परमार, एपीएमसी सिरमौर के अध्यक्ष सीता राम शर्मा, वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष नासिर रावत, कांग्रेस नेता दयाल प्यारी, नसीमा बेगम, निदेशक महिला एवं बाल विकास विभाग पंकज ललित, उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा, पुलिस अधीक्षक निश्चिंत नेगी सहित अन्य गणमान्य भी मौजूद रहे।
