सिरमौर पुलिस की स्पेशल डिटेक्शन टीम की बड़ी कार्रवाई, गुप्त सूचना पर स्विफ्ट कार से पकड़ा गया नशा
पांवटा साहिब (सिरमौर)। जिला सिरमौर के पांवटा साहिब में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में नशीले कैप्सूल और गोलियां बरामद की हैं। पुलिस ने इस मामले में उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार रात स्पेशल डिटेक्शन टीम सब डिवीजन पांवटा साहिब की पुलिस टीम इलाके में गश्त कर रही थी और गुप्त सूचनाएं एकत्र कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दो व्यक्ति स्विफ्ट कार में भारी मात्रा में नशीले कैप्सूल और गोलियां लेकर बेहट (सहारनपुर) से पांवटा साहिब की ओर आ रहे हैं।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए HR10Q-8382 नंबर की स्विफ्ट कार को रोका और तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस को कार से 11,040 नशीले कैप्सूल और 4,200 नशीली गोलियां बरामद हुईं।
Also Read
पुलिस ने मौके पर ही आमिर पुत्र बुरहान निवासी कस्साबन मोहल्ला, बेहट (जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश) और मोहम्मद नवाज पुत्र विशाल अहमद निवासी मोहल्ला लोहारान, बेहट (जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में पुलिस थाना पांवटा साहिब में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा, ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह नशीला सामान कहां से लाया गया था और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। पुलिस पूरे नेटवर्क और गिरोह का पता लगाने के लिए जांच में जुटी है।
