बिलासपुर दुष्कर्म प्रकरण: नाबालिग आरोपी सुधार गृह भेजा, एम्स की मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार
बिलासपुर। तलाई थाना क्षेत्र के एक गांव में पांच वर्षीय बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म के प्रयास के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। मामले में हिरासत में लिए गए नाबालिग आरोपी को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के आदेश पर सुधार गृह हीरानगर (शिमला) भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार पीड़ित बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। कुछ महत्वपूर्ण जांच रिपोर्ट एम्स बिलासपुर से आनी बाकी हैं, जिनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने पॉक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच जारी रखी है।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है। एहतियात के तौर पर पुलिस ने आरोपी के घर और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी है। पुलिस प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है।
इस बीच शनिवार को पीड़ित परिवार के समर्थन में बड़ी संख्या में लोग गांव में एकत्र हुए। स्थानीय लोग, छात्र, व्यापार मंडल के प्रतिनिधि और महिलाएं भी मौके पर पहुंचीं और घटना को लेकर कड़ा रोष जताया। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।
Also Read
🔴 हिमाचल में दरिंदगी का आरोप: 5 साल की बच्ची से दुष्कर्म के बाद भड़के ग्रामीण, आरोपी की स्कूटी जलाई
एसपी संदीप धवल ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी और क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क है।
