Sirmour News: शिलाई में 282 चीड़ के पेड़ों के अवैध कटान मामले में केस दर्ज, परिवार के सदस्यों पर शिकंजा
शिलाई (सिरमौर)। सिरमौर जिले के शिलाई क्षेत्र में सामने आए 282 चीड़ के पेड़ों के अवैध कटान मामले में अब कार्रवाई तेज हो गई है। हिमाचल प्रदेश वन विभाग की शिकायत पर पुलिस ने संबंधित परिवार के सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस और वन विभाग की संयुक्त जांच में इस पूरे मामले में अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
जानकारी के अनुसार, पेट्रोल पंप शिलाई के समीप हुए अवैध कटान के मामले में वन विभाग ने मौके से 282 चीड़ के पेड़ों की लकड़ी जब्त कर वन परिक्षेत्र कार्यालय पहुंचा दी है। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर काटे गए पेड़ों की लकड़ी की गैलियां बनाईं और उन्हें वाहनों के माध्यम से कार्यालय परिसर में सुरक्षित रखा।
बताया जा रहा है कि यहां एक पूर्व जिला परिषद सदस्य ने वन मंडल अधिकारी कार्यालय रेणुका से केवल 25 चीड़ के पेड़ काटने की अनुमति ली थी। आरोप है कि अनुमति मिलने के बाद भी न तो इसकी सूचना स्थानीय वन परिक्षेत्र कार्यालय को दी गई और न ही पेड़ों पर अनिवार्य रूप से लगाए जाने वाले हैमर मार्क लगाए गए। इसके बावजूद 25 पेड़ों की जगह सैकड़ों पेड़ों पर आरी चला दी गई।
Also Read
🔴 सिरमौर के शिलाई में 282 पेड़ों का अवैध कटान, जांच के बाद प्रभावशाली परिवार के कई लोगों पर मामला दर्ज
वन विभाग के अधिकारियों ने मौके पर जांच के दौरान 282 चीड़ के पेड़ों की लकड़ी को कब्जे में लेकर सीज कर दिया। विभागीय टीम लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रही है और जब्त लकड़ी को कार्यालय परिसर में सुरक्षित रखा गया है।
इस मामले में सिरमौर पुलिस ने वन विभाग की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस दस्तावेजों की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि अनुमति से अधिक पेड़ कैसे काटे गए और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका रही।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और दस्तावेजों की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
