नाहन में मुख्यमंत्री सुक्खू का बड़ा तोहफा: 190 करोड़ की 17 विकास परियोजनाएं समर्पित, कई नई योजनाओं का शिलान्यास
नाहन (सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने सिरमौर जिले के नाहन के एक दिवसीय दौरे के दौरान क्षेत्र को विकास की बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने लगभग 190 करोड़ रुपये की लागत की 17 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास कर क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने करीब 152 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इनमें नाहन और पांवटा साहिब शहरों में आधुनिक स्मार्ट ग्रिड तकनीक लागू करने की परियोजनाएं प्रमुख रहीं। नाहन में 53.40 करोड़ रुपये और पांवटा साहिब में 43.66 करोड़ रुपये की लागत से यह तकनीक लागू की जाएगी, जिससे बिजली व्यवस्था को और अधिक सक्षम और विश्वसनीय बनाया जा सकेगा।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने भेड़ों से आदि बद्री सड़क (16.04 करोड़ रुपये) तथा कांशिवाला से बिरोजा फैक्ट्री वाया जब्बल का बाग सड़क (12.36 करोड़ रुपये) के निर्माण कार्य का शिलान्यास भी किया। स्वास्थ्य और प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने के लिए नाहन में 8.42 करोड़ रुपये की लागत से मुख्य चिकित्सा कार्यालय भवन बनाने की घोषणा भी की गई।
Also Read
ग्रामीण संपर्क और सड़क सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से बर्मा पापड़ी-पालियों-माजरी सड़क (8.17 करोड़ रुपये), सैनवाला झमेरिया-बोगरिया-जामनवाला-चरूवाला-कोटला लिंक रोड (6.98 करोड़ रुपये) तथा एनएच-07 से भद्रकाली मंदिर होते हुए फॉरेस्ट चेक पोस्ट कोलर बिलासपुर तक संपर्क मार्ग (3.13 करोड़ रुपये) के निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया गया।
वहीं, खेल और शिक्षा क्षेत्र को भी मजबूती देते हुए मुख्यमंत्री ने नाहन में 3.03 करोड़ रुपये की लागत से बने टेबल टेनिस-कम-स्क्वैश कोर्ट कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण किया। धौला कुआं स्थित राजकीय बहुतकनीकी संस्थान में तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए कई भवनों का उद्घाटन किया गया, जिनमें 3.17 करोड़ रुपये का छात्रावास, 4.91 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अकादमिक खंड की दूसरी मंजिल, 7.81 करोड़ रुपये का आवासीय खंड और 2.41 करोड़ रुपये का ऑटोमोबाइल खंड शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री ने जुड्डा-का-जोहड़ से गांव गाड्डा तक संपर्क सड़क (2.57 करोड़ रुपये), कालाअंब में 3.80 करोड़ रुपये का फायर पोस्ट भवन और नाहन में 5.65 करोड़ रुपये की लागत से बने जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर का भी उद्घाटन किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने वन अधिकार अधिनियम (FRA) के तहत 28 परिवारों को मालिकाना हक के पट्टे भी प्रदान किए, जिससे इन परिवारों को जमीन पर कानूनी अधिकार मिल सकेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य विकास को गांव-गांव तक पहुंचाना है, ताकि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं से हर नागरिक को लाभ मिल सके।
