राजगढ़ में नए पेट्रोल पंप का शुभारंभ, हर्षवर्धन चौहान बोले – बागवानी और पर्यटन बदल रहे सिरमौर की तस्वीर
नाहन (सिरमौर)।
जिला सिरमौर का राजगढ़ क्षेत्र, जिसे कभी एक साधारण पहाड़ी इलाका माना जाता था, आज बागवानी और पर्यटन के दम पर अपनी अलग पहचान बना रहा है। इसी कड़ी में शनिवार को उद्योग, संसदीय कार्य तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने राजगढ़ में जेलदार पेट्रोल पंप का शुभारंभ किया और स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं।
इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार आम लोगों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। शिक्षा, सड़क और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत बनाने पर लगातार काम किया जा रहा है, ताकि दूरदराज के क्षेत्रों तक विकास की रोशनी पहुंचे।
उन्होंने कहा कि राजगढ़ की जलवायु कृषि और बागवानी के लिए बेहद अनुकूल है। यहां का आड़ू देश-विदेश में प्रसिद्ध है और इसी कारण इस क्षेत्र को “पीच वैली” के नाम से जाना जाता है। उनके अनुसार यदि यहां पर्यटन गतिविधियों को और बढ़ावा दिया जाए तो यह क्षेत्र न केवल पर्यटन मानचित्र पर उभरेगा बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
मंत्री ने कहा कि समय के साथ सिरमौर जिले ने हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। एक समय था जब इस जिले को पिछड़ा क्षेत्र माना जाता था, लेकिन आज यहां के लोग पर्यटन, कृषि, बागवानी और पशुपालन से जुड़कर अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर रहे हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में सिरमौर वास्तव में प्रदेश का “सिरमौर” बनकर उभरेगा, जो यहां के लोगों के लिए गर्व की बात होगी। उन्होंने यह भी कहा कि जिले के मेहनती और प्रतिभाशाली युवा प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं और कई युवा उच्च प्रशासनिक पदों पर पहुंचकर सिरमौर का नाम रोशन कर रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं और अधिकांश मामलों का मौके पर ही समाधान करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जेलदार पेट्रोल पंप के संचालक नीरज ठाकुर और उनके परिवार ने मंत्री का शॉल-टोपी और स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया।
कार्यक्रम में एपीएमसी सिरमौर के अध्यक्ष सीताराम शर्मा, सहकारी बैंक के निदेशक भारत भूषण मोहिल, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आनंद परमार, वरिष्ठ कांग्रेस नेता रणधीर पंवार, जय प्रकाश चौहान, दिनेश आर्य, डीएसपी राजगढ़ विद्या चंद नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
