बिलासपुर में 5 साल की मासूम से दुष्कर्म का आरोप, भड़के ग्रामीणों ने आरोपी की स्कूटी जलाई; इलाके में भारी तनाव
बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के तलाई क्षेत्र में एक बेहद संवेदनशील और आक्रोश पैदा करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक गांव में पांच वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म के आरोप के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीण बड़ी संख्या में आरोपी के घर के बाहर इकट्ठा हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम जैसे ही गांव में घटना की खबर फैली, लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। देखते ही देखते सैकड़ों ग्रामीण आरोपी के घर के बाहर जमा हो गए। आक्रोशित भीड़ ने घर के बाहर खड़ी उसकी स्कूटी को आग के हवाले कर दिया और घर के दरवाजों व खिड़कियों में भी तोड़फोड़ की। लोग आरोपी को अपने हवाले करने की मांग करते हुए जोरदार नारेबाजी कर रहे थे, जिससे स्थिति और अधिक तनावपूर्ण हो गई।
Also Read
हालात बिगड़ते देख तलाई थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। स्थिति को काबू में करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाना पड़ा। देर रात तक गांव में तनावपूर्ण माहौल बना रहा और पुलिस को लोगों को शांत करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक संदीप धवल भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत रहने की अपील की। उन्होंने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी नाबालिग बताया जा रहा है, इसलिए उसके खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
वहीं पीड़ित बच्ची को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही मामले के तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी। बच्ची और उसके माता-पिता के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और इस आधार पर एफआईआर भी दर्ज कर ली गई है।
फिलहाल एहतियात के तौर पर आरोपी के परिवार के घर के बाहर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और पूरे क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।
